एचईएसएल ने पूर्व नोडल ऑफिसर व अन्य के खिलाफ पुलिस व कोर्ट में की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। हरियाणा एक्ससर्विसमैन लीग (एचईएसएल) के नाम जारी लगभग साढ़े 11 लाख रुपये के चेक को भुनाने के लिए लीग के पूर्व पदाधिकारियों द्वारा को-ओपरेटिव बैंक में खाता खुलवाया गया। बैंक अधिकारियों द्वारा अपने स्तर पर जांच की गई तो खाता खुलवाने में धोखाधड़ी का पता चला। विद्युत निगम द्वारा एचईएसएल के नाम जारी चेक को पूर्व पदाधिकारियों ने नए खाते में जमा करवाया था। बैंक ने इस खाते के संचालन पर रोक लगा दी है। एचईएसएल के डीएलओ फौजा सिंह की ओर से मामले में जिला पुलिस व अदालत में शिकायत की गई है।
एचईएसएल के डिस्ट्रिक लीग ऑफिसर सेवानिवृत्त सूबेदार फौजा सिंह ने बताया कि लीग के प्रशासक द्वारा पूर्व नोडल ऑफिसर को सस्पेंड कर उन्हें 27 जनवरी 2018 को डीएलओ नियुक्त किया था। उन्होंने बताया कि पूर्व नोडल अधिकारी व अन्य ने विद्युत निगम से लगभग साढ़े 11 लाख रुपये के चेक हासिल करके उन्हें एचईएसएल के खाते में जमा करवाने की बजाए अपने स्तर पर नया खाता खुलवाकर उसमें जमा करवा दिए। ताकि इस राशि को खुर्द-बुर्द कर सकें। खाता खुलवाने के बाद 10 पेज की चेक बुक भी हासिल की। बैंक मैनेजर के अवकाश पर होने की वजह से कैशियर ने भुगतान करने से मना कर दिया। एक महीने बाद चेक को रजिस्ट्रड डाक से बैंक में भेजा गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने एचईएसएल का पैसा डकारने के लिए फर्जीबाड़ा किया। इसलिए मामले की शिकायत सिरसा पुलिस से की गई है। साथ ही कोर्ट में भी इस्तगासा दायर किया गया है ताकि मामले में आरोपियों को सजा दिलवाए जा सकें। हरियाणा एक्ससर्विसमैन लीग का दक्षिणी हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के साथ अनुबंध हैं। जिसके तहत एचईएसएल मीटर रीडिंग, बिल वितरण व बिल वसूली का कार्य करता है।