नाइट ड्यूटी पर जा रहे लाइन मैन से 50 हजार रुपये छीने
सिरसा। मोचीवाली रोड पर बुधवार रात बाइक सवार दो युवकों ने बिजली निगम के लाइन मैन से मारपीट कर 50 हजार रुपये की नगदी लूट ली। लाईन मेन सुशील कुमार कुसुंभी 33 केवी सब स्टेशन पर तैनात है। वह बाइक पर सवार होकर नाइट ड्यूटी देने के लिए सब स्टेशन की ओर जा रहा था। पीड़ित ने रात को डिंग पुलिस थाने में लूटपाट की शिकायत दी। इस वारदात से पहले जिले में पिछले तीन दिनों में लूटपाट की चार वारदातें हो चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार गांव ढिंगसरा निवासी सुशील कुमार बिजली निगम में बतौर लाइन मैन के पद पर कार्यरत है। इन दिनों उसकी ड्यूटी गांव कुसुंभी स्थित 33 केवी सब स्टेशन पर है। सुशील कुमार का कहना है कि बुधवार रात करीब साढे़ आठ बजे वह नाइट ड्यूटी देने के लिए बाइक पर सवार होकर सब स्टेशन की ओर जा रहा था। मोचीवाली रोड पर पिछे से बाइक सवार दो युवक आए। सुशील का कहना है कि उक्त युवकों ने उसकी बाइक रुकवाई। बाइक रुकते ही युवकों ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी और उसकी जेब से 50 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। इसके बाद सुशील ने डिंग थाने में जाकर अपनी शिकायत दी। पुलिस ने लुटेरों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। डिंग थाना प्रभारी कंवर सिंह का कहना है कि मामले की जांच के दौरान पता चला है कि से मामला साइड देने को लेकर विवाद का है। लूटपाट की बात जांच में सामने नहीं आई है।