अमर उजाला ब्यूरो सिरसा।
सिरसा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को पंजाब के मानसा जिले में लिंग जांच करने की एवज में दस हजार रुपये लेते हुए एक आशा वर्कर को पकड़ा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नकली ग्राहक बनाकर आशा वर्कर नरेंद्र कौर के पास भेजा था। आशा वर्कर ने दस हजार रुपये लेकर एक निजी अल्ट्रासाउंड अस्पताल में लिंग जांच करवाया और उसे बताया कि उसके लड़का ही होगा। तब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी अनुसार स्वास्थ्य विभाग सिरसा के पास पिछले कई दिनों से सूचना आ रही थी कि मानसा की एक आशा वर्कर नरेंद्र कौर लिंग जांच के नाम पर दस हजार रुपये ले रही है। सीएमओ गोविंद गुप्ता की अध्यक्षता में डिप्टी सिविल सर्जन बुधराम, डाक्टर अवतार सिंह की टीम गठित की गई। शाम को फर्जी ग्राहक नरेंद्र कौर के पास भेजा गया। नरेंद्र कौर फर्जी ग्राहक को एक निजी अल्ट्रासाउंड क्लीनिक में ले गई। जांच के बाद उसे बताया कि उसके लड़का ही होगा और दस हजार रुपये ले लिए। तभी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे पकड़कर उससे दस हजार रुपये बरामद कर लिए। टीम ने निजी अल्ट्रासाउंड क्लीनिक का रिकार्ड भी जांचा। हालांकि उसका रिकार्ड दुरुस्त पाया गया। डिप्टी सिविल सर्जन बुधराम ने बताया कि आशा वर्कर नरेंद्र कौर को लिंग जांच के नाम पर पैसे वसूलने पर पकड़ा गया है।