जिला जेल में बने एक क्वार्टर से चोर दो लाख रुपये की कीमत के आभूषण चुराकर ले गए। रविवार को कर्मचारी लौटा तो घटना बारे पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस को दी शिकायत में गांव बालक, हिसार निवासी विजय कुमार ने बताया कि वह जिला जेल के क्वार्टर में रहता है। बताया कि कुछ दिन से वह छुट्टी लेकर घर गया था। पीछे से चोरों ने क्वार्टर के ताले तोड़कर साढ़े सात तोले सोने के आभूषण चुरा लिए। रविवार को वह लौटा तो देखा कि क्वार्टर के ताले टूटे पड़े थे। अंदर जाकर सामान संभाला तो आभूषण गायब थे। उसने पहले आसपास के कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सुशील कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।