फरीदाबाद से आई विजिलेंस टीम ने सोमवार को डबवाली सीआईए प्रभारी सब इंस्पेक्टर अजय कुमार को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। छह घंटे तक तक पूछताछ के बाद टीम आरोपी अजय कुमार को साथ लेकर विजिलेंस कार्यालय पहुंची। गिरफ्तार आरोपी अजय कुमार इनेलो नेता अभय चौटाला का पीएसओ रह चुका है।
सोमवार सुबह फरीदाबाद विजिलेंस टीम ने मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार गुरदेव सिंह के नेतृत्व में एडिशनल अनाज मंडी में सेखों सेल्स कमीशन एजेंट की दुकान से सीआईए डबवाली के प्रभारी सब इंस्पेक्टर अजय कुमार को गिरफ्तार किया। हुडा सेक्टर निवासी शिकायतकर्ता सुक्खा सिंह ने बताया कि अफीम तस्करी मामले में कुछ समय पहले उसके पिता बलदेव सिंह को 10 साल की सजा हुई थी।
कोरोना संक्रमण के समय उसके पिता को जेल से 42 दिन की पैरोल मिली। हार्ट की बीमारी के कारण उसके पिता तय समय पर जेल नहीं जा पाए तो उनके पिता के नाम वारंट जारी हो गया। 15 जून को डबवाली सीआईए प्रभारी एसआई अजय कुमार घर से उनके पिता को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसे और उसकी मां को गिरफ्तार करने की धमकी देते हुए तीन लाख की रिश्वत मांगी। सुक्खा ने अजय कुमार को एक लाख रुपये दे दिए। इसके बाद अजय कुमार ने उनसे कहा कि वह गिरफ्तारी से बचना चाहते हैं तो दो लाख रुपये की रिश्वत उन्हें और देनी होगी। एसपी इतनी कम राशि पर नहीं मानेंगे।
विजिलेंस डीजी को 30 जून को दी थी शिकायत
सुक्खा ने 30 जून को डीजी विजिलेंस से मामले की शिकायत दी थी। इसके पश्चात डीजी ने डबवाली सब इंस्पेक्टर अजय की रिश्वत मांगने की रिकार्डिंग और अन्य सबूत मांगे थे। सुक्खा ने उसकी पूरी रिकार्डिंग कर विजिलेंस को भेज दी। इसके पश्चात सुक्खा सिंह ने सोमवार को 10 बजे एडिशनल अनाज मंडी स्थित आढ़ती की दुकान में अजय को बुलाकर दो लाख रुपये देने की बात कही थी। वहीं फरीदाबाद से विजिलेंस टीम रविवार रात सिरसा पहुंची और सोमवार सुबह 11 बजे के आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।