ऐलनाबाद। बीती रात गांव भुर्टवाला के पास चिलकानी माइनर में दरार के कारण करीब 50 एकड़ धान और नरमे की फसल प्रभावित हो गई। किसानों सुरजीत सिंह राहड, हनुमान आचार्य, मदन लाल, कालू राम, ईश्वर सिहाग ने बताया कि चिलकानी माइनर में आधी रात के करीब दरार आ गई थी, लेकिन सुबह जब जानकारी हुई तो सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। किसान भी बड़ी संख्या में माइनर पर पहुंचे और ट्रैक्टर व जेसीबी मशीन से दरार को भरने लगे।
सूचना पर जेई विकास कुमार और रोहताश कुमार भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने माइनर से पानी को बंद करवाया। किसानों ने बताया कि माइनर में करीब 60-70 फीट चौड़ी दरार आ गई थी जिससे भुर्टवाला से चिलकानी गांव जाने वाली सड़क और माइनर के बीच करीब 50 एकड़ में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है। किसानों की मांग है कि सरकार तत्काल गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की व्यवस्था करें।