सिरसा। शहर के डबवाली रोड पर राइस मिल के उपकरण बनाने वाली कंपनी के मालिक से 33 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले मुनीम के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मुनीम कुछ ऐेसे क्रिकेट बुकियाें के संपर्क में था, जो ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते थे। पैसों के लालच में फंसे मुनीम ने अपने ही मालिक के करोड़ों रुपये का गबन किया और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलता रहा।
अब इस मामले में सिरसा पुलिस ने फतेहाबाद व सिरसा के 6 क्रिकेट बुकीज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल रानिया गेट सिरसा, संजय उर्फ डेजी निवासी अग्रवाल कॉलोनी फतेहाबाद, दिनेश उर्फ बंटी उर्फ डीजे निवासी शिव चौक सिरसा, शुभम उर्फ मोनू निवासी बेगू रोड सिरसा, अजय उर्फ गोलू निवासी नोहरिया बाजार सिरसा तथा हरपाल उर्फ पाली निवासी गोल डिग्गी, सिरसा के रूप में हुई है।
पकड़े गए सभी आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कंपनी संचालक संजीव गुप्ता निवासी सी ब्लॉक की शिकायत पर 1 जून को विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत शहर के सिविल लाइन थाना में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मुनीम साकेत कुमार निवासी ईरा- कॉलोनी बरनाला रोड सिरसा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जोकि फिलहाल सिरसा जेल में बंद है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी राहुल, हरपाल, बंटी, डीजे व शुभम उर्फ मोनू मुनीम साकेत कुमार को क्रिकेट सट्टा की फेयरवेट-7 की आईडी उपलब्ध करवाते थे।