सिरसा। नगर परिषद की साइटों और शहर के मुख्य जगहों पर अवैध रूप से होर्डिंग को लेकर कार्रवाई शुरू हो गई। नगर परिषद की टीम ने शुक्रवार को विभिन्न मुख्य जगहों से अवैध होर्डिंग उतारे। हालांकि अवैध होर्डिंग लगाने वाले 26 लोगों को पहले ही नगर परिषद नोटिस जारी कर चुका था।
बता दें कि अवैध होर्डिंग को लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद नगर परिषद ने लोगों को नोटिस देने और होर्डिंग हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अतर सिंह खनगवाल ने आने के साथ ही अवैध होर्डिंग व अतिक्रमण को लेकर टीम को कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। इसके बाद शुक्रवार को टीम ने बाजारों और यूनिपोल व भवनों से अवैध होर्डिंग हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
टेंडर न होने से अवैध रूप से लग रहे होर्डिंग
नगर परिषद ने अपनी होर्डिंग साइटों को लेकर टेंडर लगाया हुआ है। चौथी बार यह टेंडर लगा है। तीन बार टेंडर लेने के लिए किसी एजेंसी ने आवेदन नहीं किया था। क्योंकि शहर में धड़ल्ले से अवैध होर्डिंग लग रहे थे। राजनीति दबाव के चलते कोई अधिकारी कुछ नहीं कर रहा था। इतना ही नहीं, कुछ विज्ञापन एजेंसियां इसका लाभ उठाते हुए अवैध रूप से कॉमर्शियल होर्डिंग लगा रह थे। इनको लेकर आज नगर परिषद की टीम ने कार्रवाई की।
यह थे हालात
1 सरकारी साइटों पर कॉमर्शियल होर्डिंग लगे थे, कोई पैसा नगर परिषद को नहीं आ रहा था।
2 चौक चौराहों को पूरी तरह से होर्डिंग से कवर किया हुआ था।
3 मुख्य चौकों पर बनी इमारतों पर कॉमर्शियल होर्डिंग लगाए गए थे।
4 सालासर मंदिर के पास अवैध होर्डिग का जमावड़ा लगा हुआ था।
5 बरनाला रोड पर भी होर्डिंग ही होर्डिंग नजर आ रहे थे।
अवैध होर्डिंग लगाए गए थे। सभी को हटाने के आदेश दिए गए हैं। हमारी टीम ने आज कार्रवाई की है, आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
-अतर सिंह खनगवाल, कार्यकारी अधिकारी ।