संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। कपास फसल के नुकसान का सही आकलन हो इसके लिए, किसानों की फसल की रैंडमली जांच की जाए। यह निर्देश सांसद सुनीता दुग्गल ने बुधवार को डबवाली के डाॅ. बीआर आंबेडकर महाविद्यालय में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। उन्होंने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा बैठक में नहीं पहुंचने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी बैठक में आए तो स्टीक जानकारी लेकर आए। खानापूर्ति करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सांसद ने गांव की दसवीं की पांच छात्राओं को सम्मानित किया।
कृषि योजनाओं की समीक्षा के दौरान सांसद ने अधिकारियों को कहा कि किसानों की ओर से शिकायत आ रही है कि कपास फसल नुकसान की सही आंकलन नहीं हो रहा है। इसलिए कोई एक फार्मूला बनाकर रेंडमली जांच करें। उन्होंने कहा कि किसानों को डीएपी खाद की उपलब्धता में दिक्कत ना आए। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सरकार की नई स्कीम के तहत ढाणियों में भी पेयजल कनेक्शन देने का प्रावधान किया गया है। अब तक ढाणियों में पेयजल के दिए कनेक्शनों की रिपोर्ट भी आगामी बैठक में प्रस्तुत की जाए। इस अवसर पर हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन आदित्य देवीलाल, उपायुक्त पार्थ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक डबवाली शमशेर सिंह, एडीसी डा. विवेक भारती, एसीयूटी शाश्वत सांगवान, सीईओ जिला परिषद कुलभूषण बसंल, डीएमसी सुरेंद्र सहरावत, एसडीएम डबवाली अभय सिंह, एसडीएम सिरसा राजेंद्र कुमार, एसडीएम ऐलनाबाद डा. वेद बेनीवाल सहित जन स्वास्थ्य, कृषि, बिजली, सिंचाई विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बॉक्स
नेशनल हाईवे पर डिवाइडर के साथ पौधे लगाने पर दे जोर
सांसद ने कहा कि प्रदूषण कम हो इसके लिए सभी को काम करना होगा। सभी विभाग इस दिशा में काम करें। उन्होंने नेशनल हाईवे अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोड पर डिवाइडर के साथ पौधे लगाने के काम में तेजी लाए।
बॉक्स
विकास कार्यों में गुणवत्ता से ना हो कोई समझौता
सांसद ने रोड़ निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि निर्माण सामग्री में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों के निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण करने को भी कहा। उन्होंने हिसार से डबवाली व डबवाली से चौटाला गांव तक के रोड़ निर्माण के बारे में जानकारी लेते हुए योजना की समीक्षा की।
-
बॉक्स
जन संवाद कार्यक्रमों में आई शिकायतों की मांगी स्टेटस रिपोर्ट
सांसद ने कहा कि गत दिनों उनके द्वारा गांव में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का निपटान रिपोर्ट भिजवाएं। उन्होंने कहा कि जन संवाद में प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता से निपटान कर समाधान किया जाए। सांसद ने रेलवे अधिकारियों से अमृत स्टेशन योजना प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि फरवरी तक कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा। सांसद ने कहा कि पिछले चार पांच साल में रेलवे के मामले में सिरसा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। लगभग 14 से 15 करोड़ रुपये की राशि से सिरसा रेलवे स्टेशन का पूरी तरह कायाकल्प होगा।
बॉक्स
गांव जगमालवाली का लिंगानुपात रहा बेहतर, 10वी की छात्राओं को किया सम्मानित
जिला में बेहतर लिंगानुपात के लिए गांव जगमालवाली की दसवीं कक्षा की पांच छात्राओं को सांसद सुनीता दुग्गल ने सम्मानित किया। वर्ष 2022 में गांव जगमालवाली जिला में लिंगानुपात मामले में प्रथम रहा था। योजना के तहत गांव की 10वीं कक्षा की रमन को प्रथम, रविंद्र को द्वितीय तथा पलवीर कौर, गुरजोत कौर व मनप्रीत कौर को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान का पुरस्कार दिया। प्रथम पुरस्कार में 75 हजार रुपये, 45 हजार रुपये द्वितीय तथा 30 हजार रुपये तीसरे पुरस्कार के तौर पर दिए गए।