रानियां के अंतर्गत आने वाले गांव मैहना खेड़ा के सरपंच द्वारा ग्राम सचिव के फर्जी हस्ताक्षर करके सरकारी ग्रांट की राशि निकलवाने की शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में ग्राम सचिव जंगीर सिंह ने लिखा है कि उनके पास गांव मेहणाखेड़ा पंचायत का कार्यभार है। 19 जून को वे पंचायत का रिकॉर्ड पूरा करने के लिए मेहणा खेड़ा पहुंचे जहां पर रिकॉर्ड पूरा करते वक्त पंचायत के रजिस्टरों में गड़बड़ किए जाने की आशंका हुई। जिसके उपरांत वे रजिस्टर लेकर रानियां स्थित बैंक में पंचायत खाता से मिलान करने के लिए पहुंचे जहां से उन्होंने पंचायत के खाते की स्टेटमेंट ली। शिकायत के अनुसार पंचायत के खाते से 1379300 रुपये की राशि निकलवाई हुई है। बैंक खाता की स्टेटमेंट के अनुसार 17 चेक अलग अलग तिथि के अनुसार प्रस्ताव डालकर 1379300 रुपए की राशि निकलवाई है। जिनका मिलान पंचायत द्वारा करवाए गए कार्यों व रिकॉर्ड से नहीं हुआ। जिसके उपरांत ग्राम सचिव ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को अवगत करवाया दिया है, जिसके उपरांत ग्राम सचिव ने एक लिखित शिकायत थाना पुलिस रानियां में दर्ज करवाई है। जांच अधिकारी राजेंद्र ने बताया कि खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय के ग्राम सचिव जंगीर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है। जिसके आधार पर जांच करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनिल बिश्नोई ने बताया कि गांव मेहणा खेड़ा के सरपंच द्वारा ग्राम सचिव के फर्जी हस्ताक्षर करके सरकारी धनराशि का गबन करने की शिकायत उनके पास आई है। जिसके आधार पर पुलिस को शिकायत गदर्ज करवा दी है।