सिरसा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 21 जुलाई को सुबह 10 बजे सिकंदरपुर स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। सीएम के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर शनिवार को डीसी आरके सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री यहां पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। उपायुक्त ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को सत्संग स्थल व मुख्य रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को मुख्य सड़कों का निरीक्षण कर जरूरत अनुसार मरम्मत करने को कहा। जनस्वास्थ्य विभाग, सिविल सर्जन व अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को भी तैयारी रखने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर आने वाले अनुयायियों के बैठने की व्यवस्था जांची। इसके बाद उन्होंने सिकंदरपुर में राधा स्वामी सत्संग के अस्पताल में भी सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान एसपी दीप्ति गर्ग, एडीसी डाॅ. विवेक भारती, कार्यकारी अभियंता एमएल सुखीजा, कार्यकारी अभियंता जनस्वास्थ्य विभाग, सिविल सर्जन एमके भादू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।