मिठाई की दुकान पर रखी गई मिठाइयां। संवाद
- फोटो : Sirsa
रानियां। त्योहारी सीजन में परोसी जा रही मिठाइयों की क्वालिटी को लेकर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने रविवार को रानियां में छापा कार्रवाई की। इस दौरान बस स्टैंड के पास स्थित सरदार स्वीट्स पर फफूंदी लगी 13 किलो खोया बर्फी नष्ट करवाई गई और दुकान से विभिन्न मिठाइयों के छह सैंपल भी भरे गए।
त्योहारों के चलते रविवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते से सहायक उप निरीक्षक साधुराम, खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र पूनिया के नेतृत्व में टीम रानियां में जांच करने के लिए पहुंची। सरदार स्वीट्स पर जांच प्रक्रिया शुरू की गई तो भनक लगते ही कई दुकानदार शटर बंद वहां से चले गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र पूनिया ने दुकान से मिल्क केक, जुली रबड़ी, गुलकंद, खोया, बर्फी, बेसन व दूध के सैंपल एकत्रित करके प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे हैं। उड़नदस्ते ने दुकान से घरेलू गैस सिलिंडर भी जब्त किए हैं, जो कि व्यवसायिक तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे थे। इस मौका पर खाद्य आपूर्ति विभाग से निरीक्षक संदीप कुमार ने गैस सिलिंडर की रिपोर्ट की है। जांच टीम ने बताया कि यह कार्रवाई रूटीन के तौर पर की जा रही है जो कि आगामी समय में भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि सरकार का मकसद है कि त्योहार के अलावा आम रूटीन में उपभोक्ताओं को तरोताजा मिठाई इत्यादि उपलब्ध हो सके तथा कालाबाजारी पर नियंत्रित किया जा सके।
रानियां में मिठाई की दुकान पर कार्रवाई करते अधिकारी। संवाद- फोटो : Sirsa