सिरसा। क्लेरिकल एसोसिएशन वेलफेयर सोसायटी के आह्वान पर लिपिकीय कर्मचारियों ने सोमवार पैदल मार्च निकाला। कर्मचारी भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने के लिए पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इसपर कर्मचारी कार्यालय के गेट पर ही ज्ञापन की कॉपी चस्पा कर धरनास्थल पर आ गए।
जिला प्रधान साहिल बागड़ी ने बताया कि लिपिकीय कर्मचारियों की यात्रा रविवार की सुबह कुरुक्षेत्र पहुंच चुकी थी। कर्मचारी जब ज्ञापन देने के लिए मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच करने लगे, तभी पुलिस प्रशासन नाकाबंदी कर दी। राज्य महासचिव सतीश कुमार ढाका ने बताया कि पुलिस ने कर्मचारियों के जत्थे को बर्बरतापूर्ण और जबरदस्ती करके वहीं रोक दिया। सभी लिपिकीय कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चार अलग-अलग बसों में भरकर अलग-अलग पुलिस थानों और चौकियां में लगभग तीन घंटे तक रखा। यह सरकार के तानाशाही रवैये का परिचय है। सरकार हमारी मांग और आवाज को दबाना चाहती है, परंतु लिपिक वर्ग अपनी मांगों को लेकर अडिग है। सभी कर्मचारी 28 जुलाई को पंचकूला कूच करेंगे। इस मौके पर कपिल शर्मा, गौरव बजाज, राज सिंह, पंकज शर्मा, अमृतपाल, हरबंस लाल मौजूद रहे।