संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। कोरोना की आशंकित लहर को देखते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार के अलर्ट के बाद भी स्वास्थ्य विभाग सजग नजर नहीं आ रहा। पहले तो बीते दिन मंगलवार को हुई मॉक ड्रिल में केवल खानापूर्ति की गई, क्योंकि इसमें एक मरीज को ही जांचा गया और अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति को नहीं देखा गया। इसका नतीजा यह हुआ कि वोल्टेज कम ज्यादा होने के कारण ऑक्सीजन प्लांट का स्टेबलाइजर जल गया। इसके साथ ही अन्य मशीनों में भी दिक्कत आ रही है।
कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन न मिलने के कारण मरीजों को परेेशानी उठानी पड़ी थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की घोषणा की थी। सिरसा के नागरिक अस्पताल में एक हजार लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाला ऑक्सीजन प्लांट बनाया गया, जोकि करीब डेढ़ वर्ष से चलाया जा रहा है। प्लांट से ऑक्सीजन को सेंटर लाइन के माध्यम से अस्पताल में भर्ती मरीजों तक पहुंचाया जा रहा है। बिजली वोल्टेज की दिक्कत के कारण ऑक्सीजन प्लांट पर लगा 150 केवीए का स्टेबलाइजर जल गया। इसके बाद आनन फानन में कंपनी ने नया 150 केवीए का स्टेबलाइजर भेजा गया है। संबंधित अधिकारियों ने नया स्टेबलाइजर शुरू करने का कार्य भी तेज कर दिया है।
निजी वार्ड को बनाया आइसोलेशन वार्ड
कोरोना की आशंकित लहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल के निजी वार्ड को आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यहां मरीजों के लिए आठ बैठ लगाए गए हैं। जिले में अभी तक कोरोना का कोई भी मरीज नहीं है।
पहले दिन नहीं लगी किसी भी लाभार्थी को-वॉक्सिन
नागरिक अस्पताल में मंगलवार को दो हजार को-वॉक्सिन की डोज पहुंची थी। पहले दिन केंद्रों पर वैक्सीन न पहुंचने के कारण किसी भी लाभार्थी को डोज नहीं लग पाई। वीरवार को छुट्टी के बाद अब शुक्रवार को लाभार्थी सिरसा के नागरिक अस्पताल, डबवाली और ऐलनाबाद अस्पताल में दूसरी व तीसरी डोज लगाई जाएगी। विभाग ने कोविशील्ड वैक्सीन की भी दो हजार डोज मुख्यालय से मंगवाई है।
निर्देश के बाद भी अभी तक नहीं बढ़ी सैंपलिंग
खांसी, बुखार और जुकाम के मरीजों के सैंपल लेने की प्रक्रिया अनिवार्य किए जाने के बाद भी अभी तक सैंपलिंग नहीं बढ़ाई गई है। जिले में हर रोज 200 से 250 लोगों के ही सैंपल लिए रहे हैं। हालांकि दो दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग की हुई बैठक में सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन सख्ती न होने के कारण इसका पालन नहीं किया जा रहा।
जिला अभी कोरोना मुक्त
स्वास्थ्य विभाग नेे अब तक 7 लाख 27 हजार 987 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 34217 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। जिसमें से 33670 लोगों ने कोरोना को मात दी है और 547 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में अब कोई भी मरीज कोरोना संक्रमित नहीं है।
नागरिक अस्पताल में नहीं हो रहा नियमों का पालन
अस्पताल में अब हर रोज करीब एक हजार मरीज जांच करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। यहां पर मरीज व स्टाफ सदस्य मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करते हुए नजर नहीं आते। इसके कारण स्थिति खराब होने की संभावना है। हालांकि विभाग की ओर से स्टाफ को मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है।
वर्जन
नागरिक अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट के स्टेबलाइजर कंपनी की ओर से ही नया लगाया जाना है। अस्पताल के निजी वार्ड को आइसोलेशन वार्ड बना दिया गया है। कोरोना के मामले आने के बाद वार्ड में मरीजों को भर्ती किया जाएगा। अस्पताल के स्टाफ को मास्क लगाने के निर्देश दिए गए हैं। - डॉ. संदीप गुप्ता, पीएमओ, नागरिक अस्पताल सिरसा।