मूर्ति शिल्प कला सीखते विद्यार्थी।
सिरसा। 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर टाबर उत्सव का आयोजन राज्य के 22 जिलों के 22 सरकारी विद्यालयों में किया जा रहा है। टाबर उत्सव कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा एवं शिक्षा विभाग, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में स्कूल स्तर पर किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न स्कूलों के 50 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
ऐलनाबाद के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भी यह शिविर प्रात: 8 बजे से दोपहर 11 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। जिसमें विद्यार्थियों को आधुनिक मूर्तिशिल्प, क्ले मॉडलिंग, रिलिफ एवं 3डी स्कलप्चरल आर्ट में हरियाणवी संस्कृति पर आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया कि इस 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर टाबर उत्सव का उद्देश्य हरियाणा राज्य के होनहार छात्र-छात्राओं को मूर्ति शिल्प कला में अपनी प्रतिभा निखारने और मूर्तिकला के विकास के साथ-साथ राज्य में होनहार कलाकारों को प्रोत्साहित करना है।
सरकारी स्कूल स्तर के विद्यार्थियों को कला के क्षेत्र में तकनीकी दृष्टिकोण और प्रयोगात्मक अभ्यास के साथ काम करके सीखने से मूर्ति शिल्प की सौंदर्यात्मक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान छात्र-छात्राओं का रचनात्मक एवं कलात्मक विकास होगा। उन्होंने बताया विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को एक स्थान पर एकत्रित कर उन्हें मूर्ति शिल्प का निशुल्क प्रशिक्षण एवं प्रतिदिन रिफ्रेशमेंट भी प्रदान की जा रही है। यह शिविर जिला से नियुक्त कलाकारों एवं सहकलाकारों द्वारा हर्ष एवं उत्साह के साथ संचालित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि इस शिविर के माध्यम से विद्यार्थी मूर्तिशिल्प क्षेत्र में शिक्षा, प्रतियोगिता, रोजगार एवं कैरियर बनाने का ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं। राज्य में कला संस्कृति तथा मूर्तिशिल्प के उत्थान, संरक्षण, संवर्धन एवं विकास हेतु यह शिविर अत्यंत सार्थक सिद्ध हो रहा है।