सिरसा। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने वीरवार को नागरिक अस्पताल में छापा मारा। चार घंटे तक निरीक्षण के दौरान टीम को सिविल सर्जन कार्यालय में दो कर्मचारी गैर हाजिर मिले। इसके अलावा एंबुलेंस में बायोमैट्रिक मशीनें भी बंद मिलीं। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के छापे से नागरिक अस्पताल में अफरा तफरी मची रही।
वीरवार सुबह साढ़े नौ बजे मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने सिविल अस्पताल में दस्तक दी। इस दौरान डीएसपी कृष्ण कुमार और इंस्पेक्टर रिछपाल सिंह भी मौके पर पहुंच गए। सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि सिविल सर्जन कार्यालय में हाजिरी रजिस्टर की जांच की गई। जांच में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और एक कंप्यूटर ऑपरेटर गैर हाजिर मिले। इसके अतिरिक्त सभी एंबुलेंस में सुविधाओं की जांच की गई। जांच में सामने आया कि जीपीएस, सीसीटीवी की सुविधा नियमित रूप से चल रही थी, जबकि बायोमैट्रिक मशीनें बंद मिलीं। कर्मचारियों ने बताया कि कई दिनों से मशीनें बंद पड़ी हैं। सीएम फ्लाइंग ने एंबुलेंस पर आने वाली इमरजेंसी कॉल नंबर पर लोगों से बातचीत की। इस पर लोगों ने एंबुलेंस सेवा को लेकर संतोष जाहिर किया।