सिरसा। जिला वासियों को नये साल पर विकास के रूप में सौगात मिली है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को गुरुग्राम से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की करीब 1882 करोड़ की 167 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें सिरसा जिले की 10 परियोजनाएं भी शामिल हैं। इस दौरान लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। बिजली मंत्री ने यहां पर सभी दस परियोजनाओं का एक-एक कर उद्घाटन करते हुए जिला वासियों को समर्पित किया।
बिजली मंत्री ने सिरसा जिले को सौगात के रूप में मिली इन परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया और जिला वासियों को बधाई दी। बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि यह बड़ी खुशी व हर्ष विषय है कि मुख्यमंत्री ने जिलावासियों को नये साल पर करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। जिले में 11 करोड़ 59 लाख रुपये लागत की 10 परियोजनाओं का उद्घाटन हुआ है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से जिले के लोगों की सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी, जिससे जिले के विकास को एक नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास को निरंतर गति मिल रही है।
बड़ागुढ़ा में बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही गांव में वेटरनरी अस्पताल के बनने से ग्रामीणों को अपने पशुओं के इलाज की सुविधा गांव स्तर पर ही मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं जिला के विकास को गति प्रदान करने का काम करेंगी।
जिले की परियोजनाएं, जिनका हुआ उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने जिले की जिन 10 परियोजनाओं का उद्घाटन किया उनमें 8 करोड़ 59 लाख हजार रुपये की लागत से बड़ागुढ़ा में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 2 करोड़ 28 लाख 06 हजार रुपये की लागत से गांव बणी, तलवाड़ा खुर्द, मिठी सुरेरां, पोहड़का, ख्योवाली, नेजिया खेड़ा, थेड़ बाबा सावन सिंह में नवनिर्मित राजकीय वेटरनरी डिस्पेंसरी शामिल हैं। प्रत्येक डिस्पेंसरी पर 32 लाख 58 हजार रुपये की लागत आई है। साथ ही मुख्यमंत्री 71 लाख 66 हजार रुपये की लागत से गांव खारिया व गोरीवाला में नवनिर्मित राजकीय वेटरनरी अस्पताल का भी उद्घाटन किया। प्रत्येक अस्पताल पर 35 लाख 83 हजार रुपये की लागत आई है।
ये रहे मौजूद
उपायुक्त पार्थ गुप्ता, सहायक आयुक्त (प्रशिक्षणाधीन) यश जालुका, सीईओ जिला परिषद सुशील कुमार, एसडीएम राजेंद्र कुमार, जिला नगर आयुक्त डॉ. किरण सिंह, पूर्व चेयरमैन जगदीश चोपड़ा, प्रदेश महामंत्री भाजपा सुरेंद्र आर्य, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुकेश कुमार मेहता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।