सिरसा। पढ़ाई जरूरी है और खेलकूद के साथ मनोरंजन भी। लेकिन सीडीएलयू ने यूथ फेस्टिवल और परीक्षाओं का शेड्यूल एक साथ जारी कर दिया है। ऐसे में विद्यार्थी असमंजस में हैं कि परीक्षाओं की तैयारी करें या यूथ फेस्टिवल की। सीडीएलयू की ओर से 7 से 9 दिसंबर तक युवा उत्सव प्रस्तावित किया गया है जबकि 15 दिसंबर से स्नातक स्तरीय परीक्षाएं भी शुरू करने की तैयारी है। इन परीक्षाओं में सिरसा और फतेहाबाद जिला के 61 कॉलेजों के 55 हजार से ज्यादा विद्यार्थी भाग लेंगे।
सीडीएलयू की ओर ये युवा उत्सव के आयोजन की घोषणा कर दी गई है। इसकी तैयारियां शुरू हो गई है। सीडीएलयू कैंपस में युवा उत्सव का आयोजन होगा। इसमें सिरसा और फतेहाबाद के संबंधित कॉलेजों और सीडीएलयू कैंपस के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। इसकी रिहर्सल भी शुरू हो गई है। विभिन्न विधाओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। लेकिन इसके साथ ही विद्यार्थियों की परीक्षाएं भी सिर पर आ गई है। सीडीएलयू की ओर से 15 दिसंबर से यूजी की परीक्षाएं करवाए जाने का भी शेड्यूल जारी किया गया है। हालांकि अभी तक डेटशीट जारी नहीं हुई है लेकिन संभावित तारीख की घोषणा कर दी गई है। ऐसे में विद्यार्थी असमंजस की स्थिति में हैं कि युवा उत्सव की तैयारी करें या फिर परीक्षाओं की।
61 कॉलेजों के 55000 विद्यार्थी लेेंगे भाग
सीडीएलयू से सिरसा और फतेहाबाद के 61 कॉलेज संबंधित हैं। इनमें करीब 55 हजार विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं जो परीक्षा में बैठेंगे। सीडीएलयू की ओर से 21 नवंबर को पत्र जारी किया गया है जिसे सभी कॉलेजों को भेजा गया है। इस पत्र में बताया गया है कि यूजी के ओड सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 दिसंबर से शुरू होना संभावित है। इसमें पहला, तीसरा, पांचवां, सातवां और नौवां सेमेस्टर के विद्यार्थियों की परीक्षाएं होंगी। 15 दिसंबर से पहले प्रेक्टिकल होंगे।
परीक्षा फार्म भरने का ये है शेड्यूल
बिना लेट फीस------30 नवंबर तक
500 रुपये लेट फीस के साथ-------5 दिसंबर तक
900 रुपये लेट फीस के साथ-----9 दिसंबर तक
सीडीएलयू की ओर से परीक्षाओं की संभावित तारीख निर्धारित है। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है। परीक्षाओं को लेकर केंद्र पहले से ही गठित हैं और नकल रोकने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था है।
-डॉ. राजकुमार सलार, परीक्षा नियंत्रक, सीडीएलयू, सिरसा।