सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय को 8 नए प्राध्यापक मिल गए हैं। विभिन्न विभागों में 8 नियुक्तियां कर दी गई हैं, जबकि एक विभाग के लिए योग्य प्राध्यापक नहीं मिला। ऐसे में अब दोबारा नियुक्ति के लिए प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही अब जल्द ही 61 और प्राध्यापकों के पदों पर भर्तियों के लिए भी विज्ञापन जारी किया जाएगा। हालांकि करीब 5 साल पहले हुई विधि विभाग की विवादित भर्तियां अभी भी लंबित हैं।
सीडीएलयू की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू की गई। दिसंबर के शुरूआत में साक्षात्कार शुरू हुए। साक्षात्कार खत्म होते ही शुक्रवार को कार्यकारी परिषद की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता वीसी प्रो. अजमेर सिंह मलिक ने की। इसके अलावा रजिस्ट्रार डॉ. राजेश बंसल, डीन ऑफ एकेडमिक प्रो. एसके गहलावत सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। इस दौरान 9 विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर के साक्षात्कार के लिफाफे खोले गए। इनमें स वनस्पति विभाग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग, संस्कृत विभाग, हिंदी, पंजाबी, जीव विज्ञान, रासायन और इतिहास विभाग में एक-एक असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती को मंजूरी मिली। संगीत विभाग के लिए कोई भी योग्य उम्मीदवार नहीं मिल पाया। इसलिए इसे खाली छोड़ दिया गया। वीसी प्रो. अजमेर सिंह मलिक ने बताया कि सीडीएलयू में परीक्षा नियंत्रक का पद भी खाली पड़ा है। इस पद को भरने के लिए भी जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा।
सीडीएलयू ने अपनाई नई शिक्षा नीति के नियम
भर्तियों के लिए सरकार ने नई गाइडलाइन जारी की है। शुक्रवार को हुई कार्यकारी परिषद की बैठक के माध्यम से गाइडलाइन को भी सीडीएलयू ने स्वीकार किया है। अब नई भर्तियां नई गाइडलाइन अनुसार होंगी। इसके अलावा फैकल्टी हाउस में खाने का बजट भी बढ़ाया गया है।
विधि विभाग की विवादित भर्तियां आज भी लंबित
सीडीएलयू के विधि विभाग में करीब पांच वर्ष पहले तीन प्राध्यापक पदों के लिए भर्ती हुई थी। इनके साक्षात्कार भी हुए, लिफाफे भी बंद कर दिए गए। कार्यकारी परिषद की बैठक में लिफाफे खोले जाने से पहले ही विवाद हो गया। तत्कालीन वीसी और रजिस्ट्रार के बीच किसी मुद्दे को लेकर आपसी विवाद हो गया। ऐसे में तत्कालीन रजिस्ट्रार ने राज्यपाल को शिकायत कर दी। राज्यपाल ने लिफाफे खोलने पर रोक लगा दी। मामला लटका तो उम्मीदवार न्यायालय में चले गए। अब तक मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसलिए उक्त भर्तियों पर फैसला नहीं हो पाया है।
सीडीएलयू के नौ विभागों में प्राध्यापकों के लिए भर्ती प्रक्रिया चली थी। इनमें से 8 विभागों के लिए नियुक्तियां हो गई हैं। संगीत विभाग के लिए कोई योग्य उम्मीदवार नहीं मिल पाया। इसलिए दोबारा भर्ती के लिए विज्ञापन जारी होगा। इतना ही नहीं, जल्द ही विश्वविद्यालय में अन्य खाली पड़े पदों के लिए भी विज्ञापन जारी किया जाएगा। -प्रो. अजमेर सिंह मलिक, वीसी, सीडीएलयू, सिरसा।