सिरसा। डिंग मंडी के गांव नारायणखेड़ा से चोराें ने एक मकान में घुसकर सवा लाख रुपये से अधिक की नकदी समेत सोने और चांदी के गहने चुरा लिए। डिंग पुलिस ने इस मामले में मकान मालिक विजेंद्र सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव नारायणखेड़ा निवासी विजेंद्र सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करते हैं। खेत से आने के बाद 14 जून की रात करीब नौ बजे उनका पूरा परिवार घर में सो गया था। अगले दिन सुबह छह बजे उठे तो देखा कि उनके घर के कमरे में रखी अलमारी का लाॅकर टूटा था। इस लॉकर में रखी 1,30,000 रुपये की नकदी, आठ ग्राम सोने की बाली, 14 तोले चांदी की पाजेब, चांदी की तीन चुटकी गायब थी। डिंग पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
द सिरसा स्कूल में लगातार दो दिनों में दो बार हुई चोरी
सिरसा। टाउन पार्क के पास स्थित द सिरसा स्कूल में चाेरों ने लगातार दो दिन धावा बोला। स्कूल के सुपरवाइजर रवि कुमार की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में सिरसा निवासी रवि कुमार ने बताया कि वह द सिरसा स्कूल में जूनियर विंग में पर्यवेक्षक हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल में पानी की आपूर्ति के लिए लगे नलकूप का तार 12 जून को किसी व्यक्ति ने चुरा लिया। इससे पहले 11 जून की रात में भी स्कूल में सामान की चोरी हुई है। ऐसी घटनाएं रोकने के लिए उन्होंने इस क्षेत्र में रात्रि गश्त की मांग की है।