सिरसा। गांव जमाल निवासी एक व्यक्ति को आत्महत्या के लिए उकसाने व ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई राकेश कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई विनोद कुमार व उसने गांव के ही जमींदार ओमप्रकाश की भूमि ठेके पर काश्त की हुई थी। जमाल के ही निवासी सुभाष की पत्नी सोनिया ने उसके भाई विनोद कुमार के खिलाफ झूठी शिकायत दे रखी थी। जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। जब उसने विनोद से परेशानी का कारण पूछा तो उसने पूरी कहानी बताई। उसने बताया कि सुभाष, उसका भाई रमेश, उसकी पत्नी व सुभाष की पत्नी सोनिया उस पर झूठा केस बनाने का दबाव डाल रहे है। इसी दबाव में मानसिक परेशानी के कारण उसके भाई ने बीते दिवस खेतों में कीटनाशक का सेवन कर लिया। जब वह खेतों में जा रहा था तो उसके भाई रास्ते में पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। उसने आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।