हरियाणा के सिरसा के गांव खारियां में डेरा बाबा मुंगानाथ के दर्शन कर लौट रहे कार सवार मैहनाखेड़ा निवासी पांच श्रद्धालुओं की मौत से परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। पलक झपकते ही खुशियां मातम में बदल गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। नागरिक अस्पताल में घायल दो लोग जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहे हैं।
मैहनाखेड़ा गांव निवासी आसपास के लोग पांच किलोमीटर दूर
गांव खारियां में लगे मेले में जाने के लिए हंसी खुशी घर से निकले थे। विक्रम भी अपने दोस्त की कार मांगकर मेले में गया था। वह कार चलाने में भी अप्रशिक्षित था। मेले से लौटते समय तीन महिलाएं भी उसमें सवार हो गईं। लौटते समय चालक विक्रम कार को काफी तेज गति से चला रहा था।
संदीप विक्रम को कार धीमी गति से चलाने के लिए कहता रहा, लेकिन विक्रम ने उसकी बात को अनसुनी कर दी। गांव से करीब एक किलोमीटर पहले किन्नू के बाग के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो माह की बच्ची आरती, उसकी मां शबनम और उसका भाई संदीप एक ही परिवार के लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौतें हुईं हैं।
शबनम की राजस्थान के सूरतगढ़ में शादी हुई थी और बच्ची को लेकर मायके में आई हुई थी। पार्वती, सरस्वती और बनती इस गांव की ही निवासी थी। हादसे में घायल बनती और संदीप का नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
टक्कर के कारण कार के दो हिस्से हो गए
पेड़ से टक्कर होने के बाद कार के दो हिस्से हो गए। हादसे में सभी शव अलग-अलग जगह पर जा गिरे। मां का शव एक तरफ तो बच्ची का शव रोड के दूसरी तरफ से मिला। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस के जरिये नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि शवों को पिकअप में डालकर लाया गया।
ग्रामीण बोला : ट्रैक्टर ट्राली में उसके साथ गई थीं महिलाएं
मैहनाखेड़ा निवासी हेतराम ने बताया कि गाड़ी में सवार तीन महिला सुबह ट्रैक्टर-टॉली में मेले में गई थी, लेकिन आते समय कार में सवार हो गईं। विक्रम कार अपने दोस्त से मांगकर लाया था। हेतराम ने बताया कि जब वह ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर वापस रहा था तो उसे रास्ते में हादसा होने की जानकारी मिली थी। उसने फोन कर एंबुलेंस और अन्य ग्रामीणों को जानकारी दी थी और घायलों को अस्पताल में पहुंचाया था। वहीं, हादसे में पांच लोगों की मौत होने की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को लगी तो गांव में मातम छा गया। ग्रामीण नागरिक अस्पताल में और घटना स्थल पर पहुंचना शुरू हो गए।
कार की स्पीड अधिक होने के कारण हादसा हुआ है। कार चालक अपने दोस्त से कार मांगकर लाया था। चालक के पास लाइसेंस भी नहीं था। पुलिस ने शवों को नागरिक अस्पताल के शव ग्रह में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। -बनवारी लाल, थाना प्रभारी, रानियां।
घायल महिला को एंबुलेंस से उतारते परिजन। संवाद