सिरसा। पीवीसी सीलिंग का काम कर घर लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को रानियां रोड पर तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रिंस कुमार गांव केसुपुरा ने बताया कि वह और पवन सिंह निवासी अलीपुर टीटू खेड़ा दोनों सिरसा के कगंनपुर रोड पर कोठी में पीवीसी सीलिंग का काम करते थे। शुक्रवार शाम को वह काम खत्म कर वापस घर जा रहे थे कि सांगवान चौक के पास उसे गांव का पंकज कुमार मिल गया। इसके बाद वह उनके ही बाइक पर सवार हो गया। बाइक पवन कुमार चला रहा था और पंकज पीछे बैठा था। रानियां रोड पर स्थित चाचा भतीजा ढाबा के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके बाइक को टक्कर मार दी। इससे पवन कुमार के सिर में चोट लग गई और बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने पवन कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे जांच कर मृतक घोषित कर दिया। सदर थाना सिरसा पुलिस ने बयान दर्ज कर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।