सिरसा। डबवाली रोड स्थित एक निजी संस्थान में सोमवार को हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कॉन्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने व्यापारियों के साथ बैठक की। इस मीटिंग में व्यापारियों की समस्या व व्यापार मंडल के संगठन के विस्तार पर विचार किया गया।
गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने सब्जी व फलों पर मार्केट फीस हटाने की घोषणा की थी और कहा था की मार्केट फीस हटाने से किसानों व आढ़तियों को 30 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा। मगर सरकार ने घोषणा करने के बावजूद भी आज तक मार्केट फीस व एचआरडीएफ नहीं हटाया है। सरकार को अपनी घोषणा के अनुसार सब्जी व फलों पर से मार्केट फीस व एचआरडीएफ तुरंत प्रभाव से हटना चाहिए।
बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार ने हरियाणा की सीमाओं पर अवरोधक लगाकर रास्ते रोकना कोई समस्या का हल नहीं है। रास्ते बंद होने से हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, दिल्ली, यूपी व राजस्थान आदि राज्यों में व्यापार व उद्योगों का करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। यहां तक कि रास्ते बंद होने से 12000 से ज्यादा ट्रक रास्तों में फंसे हुए हैं। जिसके कारण माल लाने व भेजने में बड़ी भारी दिक्कत हो रही है और ट्रांसपोर्टरों को भी करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है।
बजरंग गर्ग ने कहा कि इंटरनेट बंद होने से भी व्यापार व उद्योग पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। सरकार ने किसानों से जो वादे किए हुए हैं, उनको पूरा करके सरकार को रास्तों को तुरंत प्रभाव से खोलना चाहिए। इस अवसर पर व्यापार मंडल जिला प्रधान व प्रदेश महासचिव हीरालाल शर्मा, टोहाना प्रधान राजेंद्र ठकराल, डबवाली प्रधान गुरदीप कामरा, मुख्य संयोजक इंद्रसेन, सिरसा युवा प्रधान संदीप मिड्ढा, मोबाइल एसोसिएशन प्रधान विमल स्वामी, उप प्रधान दिनेश करड़वाल, कालूराम शर्मा, प्रदेश सचिव रामकुमार सैनी व अनाज मंडी एसोसिएशन हिसार प्रधान पवन गर्ग आदि मौजूद रहे।