सिरसा। गांव मोरीवाला के पास हिसार रोड पर बंदर के आगे आने के कारण बड़ा हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार युवक रवि (25) की मौत हो गई। वहीं, बाइक चालक व पिकअप चालक घायल हो गया। युवक के शव को नागरिक अस्पताल सिरसा के शवगृह में रखवाया गया है। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
गांव कंगनपुर निवासी रवि कुमार और अमित कुमार एचडीएफसी बैंक में कार्यरत थे। मंगलवार शाम को दोनों बैंक के कार्य से फतेहाबाद जा रहे थे। शाम चार बजे के करीब जब वे गांव मोरीवाला के पहुंचे तो अचानक दो बंदर सड़क के बीचोबीच आ गए। बाइक चालक अमित ने बंदरों को बचाने के लिए ब्रेक लगा दिए। इस दौरान पिछले आ रही पिकअप ने भी ब्रेक लगा दिए, लेकिन चंडीगढ़ जाने वाली रोडवेज बस का चालक ब्रेक नहीं लगा पाया और पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर से पिकअप बाइक सवार युवकों पर चढ़ गई। इसमें बाइक के पीछे बैठे रवि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में पिकअप चालक भी घायल हो गया। हादसे के बाद आस पास के लोग और बस की सवारियों ने पुलिस को सूचित किया।