सांसद सुनीता दुग्गल ग्रामीणों की समस्या सुनती हुईं। संवाद
ओढां। सांसद सुनीता दुग्गल डबवाली हलका के दौरे के दौरान गांव जंडवाला जटान में गोरा सिंह के आवास पर पहुंची। इस दौरान उन्होंने लोगों का कुशलक्षेम जानते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं।
उन्होंने जल घर की डिग्गी, सप्लाई पाइप, सार्वजनिक शौचालय, पक्के खाल व फिरनी, शेड व पक्की सड़क सहित कई अन्य कार्य गिनवाते हुए कहा कि सरकार समान रूप से विकास करवा रही है। गांव में कोई साझी समस्या है, तो वो भी लिखित में दें। राशन कार्ड कटने की समस्या पर सांसद ने कहा कि जिन लोगों के राशन कार्ड कटे हैं वे अपनी इनकम प्रूफ लेकर अतिरिक्त उपायुक्त से मिलें। फिर भी कोई समस्या आती है, तो उनसे संपर्क करें। गांव की एक महिला ने घर की छत न होने की बात कहते हुए कहा कि उसके दो कमरों की छत गिर गई है, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। सांसद ने कहा कि अप्रैल तक नए मकानों का बजट आ जाएगा। इसके बाद जो भी जरूरतमंद हैं, उनको मदद मिलेगी। उन्होंने उक्त महिला की शिकायत पर हस्ताक्षर करते हुए एडीसी से मिलने की बात कही। एक अन्य व्यक्ति की सरपंच द्वारा कोई सुनवाई न करने की शिकायत पर सांसद ने हंसते हुए कहा कि उसने सरपंच को दुआ सलाम नहीं किया होगा। इसके बाद सांसद ने सरपंच को फोन पर उक्त व्यक्ति की समस्या का समाधान करने की बात कही। एक अन्य व्यक्ति ने चौटाला नागरिक अस्पताल से तबादला करने की बात कहते हुए कहा कि उक्त स्थान दूर पड़ता है और महिला कर्मचारी को वहां आने-जाने में दिक्कत होती है। सांसद ने कहा कि चौटाला अस्पताल में तो वैसे भी स्टाफ के लिए इतना संघर्ष हुआ था। इसलिए वहां से तबादला तो मुश्किल बात है। इस दौरान लोगों ने गांव में पक्की गलियों सहित अन्य समस्याओं बारे भी शिकायत दी। इस पर सांसद ने कहा कि उनका समाधान करने का आश्वासन दिया।