सिरसा। डबवाली के गांव बिज्जुवाली में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के दौरान पति तैश में आ गया और उसने अपने साले व पत्नी से मारपीट शुरू कर दी। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से एक को अग्रोहा रेफर कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में हमलावर की पत्नी की शिकायत पर उसके खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मौजगढ़ निवासी मनीषा ने बताया कि उसका विवाह 2019 में गांव बिज्जुवाली के पवन कुमार के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही उसका पति व सास उसे तंग करने लगे। इसके चलते उसने 2022 में सिरसा की फैमिली कोर्ट में अपने पति के खिलाफ केस दायर किया था। 9 अप्रैल 2024 को पंचायत में उनका राजीनामा हो गया और वह वापिस अपने ससुराल बिज्जुवाली आ गई। इसके बाद भी उसका पति पवन छोटी-छोटी बातों को लेकर उससे झगड़ा करता आ रहा था।
20 जून को इस मामले में उसका भाई अजयपाल व अन्य लोग पंचायत के लिए आए हुए थे। यहां पर उसके पति ने तैश में आकर उसके भाई अजयपाल पर लोहे की राॅड से हमला बोल दिया और जब वह बीच-बचाव करने आई तो उस पर भी हमला किया। पंचायत के लोगों ने उनको अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से उसके भाई को अग्रोहा मेडिकल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पवन के खिलाफ केस दर्ज किया है।