संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। शहर के न्यायालय परिसर में शाखा डाकघर खोला गया है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ के न्यायाधीश संजय विशिष्ट ने शनिवार को इसका शुभारंभ किया।
जिला सत्र न्यायाधीश वाणी गोपाल शर्मा, एडीजे मुनीष नागर और उप मंडल न्यायाधीश आशीष आर्य समेत बार एसोसिएशन ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
बार एसोसिएशन के प्रधान बलकार सिंह थिंद ने बताया कि अधिवक्ताओं को अपनी डाक भेजने के लिए करीब तीन किलोमीटर दूर ऐलनाबाद शहर में जाना पड़ता था। इसके लिए अधिक किराये समेत उनका कीमती समय भी बर्बाद होता था। इससे बचने के लिए एसोसिएशन यहां डाकघर खोलने के लिए पिछले तीन सालों से पत्र व्यवहार कर रही थी।
इसके बाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश ने न्यायालय का निरीक्षण किया और बार रूम में अधिवक्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिवक्ताओं से मिलकर न्यायालय परिसर में एक त्रिवेणी भी लगाई। बार एसोसिएशन ने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।