संवाद न्यूज एजेंसी
बडागुढ़ा। अनाजमंडी में काम करके सुबाखेड़ा घर लौट रहे बाइक सवार को साहुवाला के वाटर वर्क्स के पास तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सुबाखेड़ा निवासी बग्गा सिंह ने बताया कि वह और उसका भाई सोनी सिंह सिरसा अनाज मंडी में मजदूरी करते हैं। रविवार शाम 7 बजे के करीब वह अपने-अपने बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वे गांव साहुवाला के वाटर वर्क्स के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक कार चालक ने उसके भाई सोनी सिंह को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया।
बग्गा ने बताया कि उसने एंबुलेंस का प्रबंध करके घायल भाई को सिरसा स्थित नागरिक अस्पताल में लेकर आया। जहां पर चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बग्गा ने बताया कि उसने कार का नंबर नोट किया था, जोकि उसने पुलिस को बता दिया था।