कालांवाली। कनकवाल रिफाइनरी से काम कर घर लौट रहे बाइक सवार युवक से बदमाशों ने मारपीट कर बाइक, 12 हजार रुपये और एक फोन लूट लिया।
पुलिस को दी शिकायत में कालांवाली निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि वह कनकवाल रिफाइनरी में लोडिंग क्रेन पर बतौर हेल्पर नियुक्त है। 19 सितंबर की रात्रि को वह काम से बाइक पर घर लौट रहा था। गांव देसुमलकाना व कालांवाली के बीच में एक युवक ने हाथ देकर बाइक रोकने का इशारा किया। जैसे ही उसने बाइक रोकने के लिए धीरे किया तो साइड से दो-तीन युवक और आ गए। उन्होंने उसे धक्का देकर उसे बाइक सहित गिरा दिया। युवकों ने उसके साथ डंडों से मारपीट शुरू कर दी। उसके शोर मचाने पर बदमाश उसका बाइक व बैग लेकर भाग गए। बैग में 12 हजार रुपये व एक फोन था। उसने किसी तरह पड़ोस में एक मकान में जाकर लोगों को व्यथा सुनाई, जिस पर उसके परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों ने आकर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। बुधवार को हालत ठीक होने पर उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।