ऐलनाबाद(सिरसा)। तीरंदाज भजन कौर के एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने के बाद ऐलनाबाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजन, क्षेत्रवासी व स्कूल के शिक्षकों से लेकर साथी भजन कौर के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार सोमवार को भजन कौर दिल्ली आएगी। सिरसा से परिवार व करीबी दोस्त सोमवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
भजन कौर के पिता भगवान सिंह ने बताया कि घर व रिश्तेदार सभी बेटी के आने का इंतजार कर हैं, लेकिन आगामी खेलों के चलते वह घर नहीं आएगी। फोन पर उसने बताया है वह सोमवार को दिल्ली आएगी। ऐसे में परिवार व अन्य करीबी लोग उससे दिल्ली में मिलेंगे और उसका स्वागत करेंगे। यहां आने पर उसकी जीत की खुशी को धूमधाम से मनाई जाएगी।
स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित होगा
नचिकेतन पब्लिक स्कूल निदेशक रंजीत सिंह सिद्धू ने बताया कि भजन कौर के ऐलनाबाद आने का इंतजार शिक्षक बेसब्री से कर रहे हैं। शिक्षकों को उम्मीद थी कि एशियन गेम्स जीतने के बाद वह ऐलनाबाद आएगी और स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। अभी वह ऐलनाबाद नहीं आ रही है। उसके आने पर स्कूल में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।