संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। नशा मुक्त सिरसा मुहिम के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को डबवाली क्षेत्र में छापा कार्रवाई की। टीम ने गांव देसूजोधा में जहां दो मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी किए हैं, वहीं डबवाली में एक मेडिकल स्टोर को सील किया है।
जिला औषधि नियंत्रक डॉ. रजनीश धानीवाल ने बताया कि डबवाली के न्यू बस स्टैंड रोड पर स्थित शर्मा फार्मा मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवा व रिकॉर्ड में अनियमितता मिली। इसके बाद मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। उन्होंने कहा कि गांव देसूजोधा में खुशी मेडिकोज व भाई कन्हैया मेडिकोज नामक दो मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई। इस दौरान उक्त दोनों मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवा तो नहीं मिली, परंतु दस्तावेजों में अनियमितता व कमी पाई गई। इस कारण स्टोर संचालकों को नोटिस दिया गया है। उन्होंने बताया कि नोटिस का जवाब देने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. धानीवाल ने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने की मुहिम में सभी धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के साथ बुद्धिजीवी वर्ग के लोग भी आगे आकर अपना योगदान दे रहे हैं। सभी केमिस्टों का यह दायित्व बनता है कि वे भी इस मुहिम में ईमानदारी से अपना योगदान व सहयोग दें ताकि हम अपनी युवा पीढ़ी को इस नशीले जहर से बचा सकें। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से एएसआई जगदीश व विकास उनके साथ मौजूद थे।