नेहरू पार्क में बैठक करते हुए बजरंग दल के सदस्य ।
सिरसा। आदिपुरुष फिल्म का ओएचएम व कैरा में संचालन बंद करवाने के लिए बजरंग दल की ओर से रोष-प्रदर्शन किया। शुक्रवार को ओएचएम में पहुंचकर प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी दी तो प्रशासनिक अधिकारियों ने नेहरू पार्क में बजरंग दल के सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान अधिकारियों ने ओएचएम व कैरा मालिकों के साथ बातचीत कर आदिपुरुष फिल्म के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दे दिए। इसके पश्चात वहां पर लगे बैनर भी हटा दिए गए हैं। वहीं अब बजरंग दल के सदस्यों ने आदिपुरुष फिल्म के दोबारा से चलाने पर संबंधित सिनेमा मालिकों को अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी है।
शुक्रवार को दोपहर दो बजे बजरंग दल के सदस्य शहर के नेहरू पार्क में एकत्र हुए। बजरंग दल के सदस्यों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और ओएचएम में पहुंचकर रोष-प्रदर्शन किए जाने का निर्णय लिया। मामले की सूचना मिलने के बाद शहर थाना प्रभारी अमित कुमार बैनीवाल ने दल के सभी सदस्यों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन दल के सदस्यों ने उनकी एक नहीं सुनी। जिसके पश्चात डीएसपी जगत सिंह बजरंग दल के सदस्यों के साथ मिलने के लिए पहुंचे। नेहरू पार्क में स्थित बजरंग दल के कार्यालय में बैठक की गई। इस दौरान डीएसपी ने ओएचएम व कैरा सिनेमा अधिकारियों से फोन कर बातचीत की। उन्होंने सिनेमा अधिकारियों को फिल्म का संचालन बंद करने के लिए कहा। जिसके पश्चात अधिकारियों ने पुलिस को फिल्म के बंद करने को लेकर आश्वासन दिया और वहां पर लगे हुए सभी बैनरों को हटाने की भी जानकारी दी। हालांकि दोनों सिनेमा हॉल की तरफ से ऑनलाइन फिल्म की बुकिंग प्रक्रिया को बंद कर दिया गया है। जिसके पश्चात दल के सदस्य शांत हो गए।
सदस्य बोले : अब चलाई फिल्म तो भुगतना होगा नुकसान
वहीं नेहरू पार्क में बैठक के दौरान प्रांत मिलन प्रमुख सुरेंद्र पूनिया, जिला सह संयोजक बोबी चंडालिया, नगर संयोजक संदीप शर्मा, नगर सह संयोजक अरविंद भाद्वाज ने कहा कि प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि अब फिल्म का संचालन नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर फिर भी अब दोनों सिनेमा घरों में फिल्म चलाई जाती है तो उसका नुकसान संंबंधित सिनेमा हाॅल संचालकों को भुगतना होगा। वह पहले भी इस संबंध में चेतावनी दे चुके हैं अब एक्शन लिया जाएगा।