सिरसा। अग्रिपथ योजना 2024-25 के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिसके लिए पोर्टल 21 मार्च तक खुला रहेगा। निदेशक भर्ती, सेना भर्ती कार्यालय हिसार के प्रवक्ता ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा के लिए अभ्यर्थी द्वारा प्रति आवेदक परीक्षा शुल्क 250 रुपये का भुगतान करना होगा।
बता दें कि भर्ती वर्ष 2024-25 के लिए अग्निवीरों की भर्ती दो चरणों में की जाएगी। प्रथम चरण ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (ऑनलाइन सीईई) व द्वितीय चरण भर्ती रैली होगी। भर्ती के लिए इच्छुक उम्मीदवार के लिए अपना नाम वेबसाइट पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन सिरसा, फतेहाबाद, जींद और हिसार जिले के युवा कर सकेंगे। आवेदक का जन्म 1 अक्तूबर 2003 से 30 अप्रैल 2007 के बीच हुआ है। आवेदक ने दसवीं या बारहवीं की कक्षा उत्तीर्ण की हो, या फिर जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उपस्थित हुए हैं व परिणामों की घोषणा की प्रतीक्षा कर रहे हैं, वे भी आवेदन करने के पात्र हैं। बशर्ते वे अन्य सभी शर्तें को पूरा करते हो।
इन ट्रेड में कर सकते हैं आवेदन
अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर लिपिक व स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेडमैन दसवीं पास व अग्निवीर ट्रेडमैन आठवीं पास के पद सभी आर्म फोर्स के लिए हैं। जिन उम्मीदवारों ने न्यूनतम शैक्षणिक व आयु सीमा की योग्यता पूरी कर रखी है वे इस योजना के तहत अपने आवेदन ऑनलाइन कर सकते हैं। आवेदन करते समय सभी उम्मीदवार अपना निजी मोबाइल नंबर की जानकारी दर्ज करके सबमिट का बटन अवश्य दबाएं। उम्मीदवार जितनी बार भी अपना ऑनलाइन फार्म खोले, उसे बंद करने से पहले वे सबमिट बटन को अवश्य दबाएं।
अच्छे से पढ़े नोटिफिकेशन
ऑनलाइन आवेदन करने से पहले नोटिफिकेशन को अच्छी तरह से पढ़े और योजना के तहत भर्ती प्रक्रिया को अच्छी तरह से समझ लें। उन्होंने कहा कि अग्निवीर आर्मी रैली प्रक्रिया पूरी तरह से नि:शुल्क है तथा अभ्यर्थी को इसके लिए किसी संस्था या कोचिंग सेंटर से जुड़ने की आवश्यकता नहीं है। अभ्यर्थी किसी भी तरह की भर्ती संबंधी अफवाह पर ध्यान न दें और भर्ती के दौरान दलालों से सावधान रहें। यदि किसी प्रार्थी को फार्म भरने में समस्या आती है तो वे आर्मी की वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय हिसार में भी निजी तौर पर संपर्क किया जा सकता है। आवेदन प्रक्रिया का तरीका और ऑनलाइन परीक्षा का तरीका समझने के लिए वेबसाइट पर वीडियो अवश्य देखें। सभी उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र के पांच स्थान भरने की आवश्यकता है।