संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव गोरीवाला के सरकारी कन्या माध्यमिक महाविद्यालय में क्लास रूम की दीवारों पर असामाजिक तत्वों ने खालिस्तानी नारे लिख दिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय ध्वज का भी अपमान किया और खालिस्तान के झंडे स्कूल में लगा दिए। स्कूल के अंदर असामाजिक तत्वों ने जमकर जाम छलकाये। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक और डीएसपी मौके पर पहुंचे और जांच का आदेश दिया। पुलिस अब स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार सरकारी स्कूल के भवन में निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य करने के लिए रविवार को राजमिस्त्री व मजदूर काम करने के लिए आए। उन्होंने देखा कि स्कूल की दीवारों पर तीन से चार जगह पर पंजाबी में खालिस्तान मिशन के नारे लिखे हुए हैं और झंडे लगाए हुए हैं। इस पर उन्होंने गांव के सरपंच को फोन कर सूचित किया। सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि गुरचरण सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान गांव के मौजिज लोग भी स्कूल में पहुंच गए। सरपंच ने तुरंत पुलिस को फोन कर सारी स्थिति से अवगत करवाया।
पुलिस ने पाया कि सरकारी स्कूल की दीवारों पर तीन से चार जगह पर काले स्प्रे से खालिस्तान मिशन लिखा हुआ था। कक्षा की खिड़की पर खालिस्तान के झंडे टंगे हुए है। स्कूल की गैलरी के एक कोने में तेजधार हथियार और शराब की बोतल पड़ी हुई थी। आस पास खाने-पीने के सामान के खाली रैपर भी मिले।
मामले की गंभीर के साथ जांच की जा रही है। सभी सामान जब्त कर लिया गया है। पुलिस टीम आस पास के क्षेत्र के सीसीटीवी खंगाली जा रही है। जिन भी असामाजिक तत्वों ने हरकत की है, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - विकास कुमार, चौकी प्रभारी, गोरीवाला।
गोरीवाला के सरकारी स्कूल की दीवार पर लिखे गए खालिस्तानी नारे। संवाद