रोड़ी (सिरसा)। पिछले एक सप्ताह में हुईं दो लूटपाट की घटनाओं के चलते आक्रोशित लोगों ने हरियाणा-पंजाब के पुलिस नाके पर एकत्रित होकर रोड जाम कर दिया। इस दौरान मंडी व बाजार में दुकानदारों ने भी दुकानें बंद रखीं। इसके चलते वाहन चालकों को करीब ढाई घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना के बाद रोड़ी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की। इस दौरान नौजवान भारत सभा के सदस्य व नवनिर्वाचित सरपंच एवं पंच भी मौजूद रहे।
सरपंच दर्शन सिंह, पूर्व सरपंच मेजर सिंह, बलविंदर सिंह, मोदन सिंह, सुरजीत सिंह, कुलविंदर सिंह, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान फूलचंद जैन व मंडी विकास कमेटी के प्रधान ओमप्रकाश आदि ने कहा कि रोड़ी में चोरी व लूटपाट की घटनाएं बढ़ रही हैं। चार दिसंबर को बदमाशों ने एक दुकानदार से नकदी छीन ली थी। शुक्रवार रात्रि भी तीन बदमाश साइकिल मिस्त्री दीपक कुमार की दुकान से गल्ला उठाकर भाग गए। उन्होंने कहा कि यह सब नशे की वजह से हो रहा है। उन्होंने कहा कि हर गली-मोहल्ले में नशा बिक रहा है, लेकिन पुलिस इस पर अंकुश लगाने में नाकामयाब साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि आज न ही तो कोई आम आदमी सुरक्षित है और न ही कोई दुकानदार। उन्होंने कहा कि नशा कौन बेच रहा है इस बारे में भी पुलिस को अवगत करवाया हुआ है, लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
तस्करों पर शिकंजा कसे पुलिस
सरपंच दर्शन सिंह ने कहा कि नशा तभी बंद हो सकता है जब पुलिस तस्करों पर शिकंजा कसे। लोगों ने कहा कि अगर गांव में कोई भी नशेड़ी, गुंडागर्दी या चोरी करता पाया जाता है तो उसकी कोई भी पंच, नंबरदार या फिर कोई मौजिज व्यक्ति जमानत नहीं करवाएगा। अगर कोई ऐसा करेगा तो उसका बहिष्कार किया जाएगा।
छापा मारते हैं, लेकिन कुछ मिलने पर ही कार्रवाई करेंगे
मौके पर पहुंचे रोड़ी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस संदिग्धों के घरों में छापा मारती है, लेकिन उनके पास कुछ मिले तो ही कार्रवाई करेंगे। जिन 2 दुकानदारों से लूटपाट की घटनाएं हुई हैं उनमें पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर रखी है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों पर तभी लगाम कसी जा सकेगी, जब सभी लोग मिलकर पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। थाना प्रभारी के आश्वासन पर करीब ढाई घंटे बाद लोगों ने रोड खोल दिया।
रोड जाम करने से वाहन चालकों व अन्य लोगों को परेशानी हुई। हमने ग्रामीणों को समझाया भी था कि रोड जाम करना कोई हल नहीं है, लेकिन वे नहीं माने। इस मामले में सरपंच दर्शन सिंह (मुंशी), सुरजीत सिंह, मोदन सिंह, ओमप्रकाश, मंगा सिंह, जीवन सिंह, नौरंग, विजय सिंह, रिंकू, तीर्थ सिंह, अशोक, चुन्नी लाल, चंद्रभान, कृष्ण, गोशा सिंह व पवन सहित 17 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। - सुरजीत सिंह, जांच अधिकारी।