संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। गांव ढाणी लखजी में संचालित आंगनबाड़ी भवन जर्जर हो गया है। भवन में जगह-जगह दरारें आ गई हैं। जब भी बारिश होती है, तो भवन की छत से पानी टपकने लगता है। जर्जर भवन के कारण बच्चों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को खतरा बना हुआ है। भवन में न तो बिजली की और न ही पानी सहित अन्य कोई सुविधा है।
ग्रामीण रामप्यारी देवी, सुलोचना देवी, शीलो देवी, सुमित्रा देवी, महेंद्र कुमार ने बताया कि उनके गांव में आंगनबाड़ी केंद्र 1999-2000 में बनाया गया था। कई वर्ष बीत गए पर संबंधित विभाग द्वारा रखरखाव नहीं करने के कारण भवन जर्जर हो चुका है। भवन के कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है। भवन बनवाते समय बिजली के तार भी डाली गए थे, लेकिन आज तक यहां बिजली नहीं आई है। बिजली के उपकरण जल चुके हैं। उन्होंने बताया कि गांव में कुछ बच्चे आंगनबाड़ी भवन में आते हैं। अधिकतर ग्रामीण भवन की खस्ता हालत के कारण बच्चों को आंगनबाड़ी भवन में नहीं भेजते। आंगनबाड़ी में होने वाले सरकारी कार्य टीकाकरण आदि कार्य सुविधा न होने के कारण पंचायत भवन में ही करवाएं जाते हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र नया आंगनबाड़ी भवन बनाने की मांग की है। साथ आंगनबाड़ी केंद्र में नए भवन निर्माण के साथ साथ किचन शेड, बाउंड्री वाल की मांग भी की है। इस संबंध में बीडीपीओ से बात करनी चाही तो वो छुट्टी पर गए हुए थे और विभागीय सचिव सवालों का जवाब देने से कन्नी काटते हुए कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाएं।
छह माह पहले हुई थी ज्वाइनिंग, अधिकारियों को करवाया अवगत
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता ने बताया कि खस्ता हाल होने के कारण आंगनबाड़ी में कुछ ही बच्चे पढ़ाई के लिए आते हैं। उनकी छह माह पहले यहां ज्वाइनिंग हुई है। कुछ अभिभावकों के बच्चों का दाखिला तो है पर वो छत गिरने के डर की बात कहकर बच्चों को पढ़ाई के लिए नहीं भेजते। जब भी विभाग में अधिकारियों के पास जाते हैं तो भवन के जर्जर हालात के बारे में बात की जाती है।