फोटो: 21 से 25
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पंजाब पुलिस वारिस पंजाब दे संगठन के मुखिया व खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के लिए पंजाब में सर्च अभियान चला रही है। पंजाब पुलिस की कार्रवाई के विरोध में सिरसा में अमृतपाल के समर्थक रोष में आ गए। उन्होंने दोपहर बाद मोरीवाला के गुरुद्वारा के समक्ष नेशनल हाईवे पर धरना देकर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शनकारी नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर बैठे रहे। इसके पश्चात पुलिस ने 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचा दिया। इसके बाद रात साढ़े आठ बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को छोड़ दिया।
अमृतपाल के समर्थक ने शनिवार दिन देर रात को सोशल मीडिया पर लाइव आकर अमृतपाल पर हो रहे अत्याचार का विरोध किया और रविवार सुबह 10 बजे भावदीन टोल प्लाजा को जाम लगाने के लिए समर्थकों को एकत्र होने की अपील की। इसके बाद सिरसा पुलिस अलर्ट हो गई। रविवार सुबह छह बजे ही पुलिस ने वैदवाला निवासी उनके समर्थक के घर को चारों तरफ से घेर लिया और नजरबंद कर दिया। हालांकि रविवार सुबह 10 बजे डिंग थाना क्षेत्र स्थित भावदीन टोल प्लाजा पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। यहां पर एकत्र होने वाले प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने खदेड़ दिया। इससे रोषित प्रदर्शनकारी मोरीवाला स्थित गुरुद्वारा में एकत्र हुए और बैठक कर रोड जाम किए जाने का निर्णय लिया। दोपहर 12.30 बजे प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे पर धरना दे दिया और आवाजाही बाधित कर दी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से रोड खाली करने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। पुलिस ने सख्ती बरतते हुए दोपहर डेढ़ बजे जाम खुलवा दिया और करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन में पहुंचा दिया।
अमृतपाल के पांच समर्थकों को पुलिस ने किया घर में ही नजरबंद
अमृतपाल के समर्थन में आए भूपेंद्र सिंह वैदवाला सहित उसके अन्य साथियों के घर पर पुलिस ने सुबह छह बजे ही दस्तक दे दी और घर में ही नजर बंद कर दिया। दिनभर भूपेंद्र सिंह के घर पर पुलिस बल तैनात रहा। भूपेंद्र सिंह वैदवाला ने फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा सरकार अमृतपाल को बिना किसी कारण मामले दर्ज कर आरोपी घोषित कर रही है। अमृतपाल युवाओं को जागरूक कर उन्हें नशे से दूर करने का अभियान चलाया जा रहा है और उन्हें गुरु के साथ जोड़ा रहा है। भाजपा सरकार उसे खालिस्तानी समर्थक बताकर उसे गिरफ्तार कर रही है।
पुलिस ने डबवाली और कालांवाली क्षेत्र में लगाए पांच अतिरिक्त नाके
डबवाली, कालांवाली और डिंग क्षेत्र के साथ पंजाब बॉर्डर लगता है। इसके चलते पुलिस प्रशासन ने पांच अतिरिक्त नाके लगाकर हथियारों से लैस जवानों को तैनात किया है। वाहन की बारीकी से पुलिस जांच कर रही है। बॉर्डर क्षेत्र के साथ-साथ जिलेभर की पुलिस अब अलर्ट पर है।
जिले में शांति बनाए रखने को लेकर पुलिस अधीक्षक ने की अपील
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने भी जिला वासियों को शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी शरारती तत्व उत्पात मचाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस की टीम अलर्ट है। सोशल मीडिया के साथ-साथ अन्य माध्यमों पर भी टीमों की ओर से नजर रखी जा रही है।
अमृतपाल के समर्थकों ने रोड जाम कर विरोध किया था। इसके चलते उन्हें पूछताछ के लिए लाया गया है। किसी भी समर्थक को नजरबंद नहीं किया गया है। पंजाब सीमा पर पांच अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं और पुलिस अलर्ट है। पंजाब से आने और जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। - डॉ. अर्पित जैन, पुलिस अधीक्षक सिरसा।
मोरीवाला में नेशनल हाईवे पर धरना देकर बैठे अमृतपाल के समर्थक। संवाद