सिरसा। एक आइडिया आपकी जिंदगी को बदल कर रख देता है। इस कहावत को सच कर दिखाया है जिले के 2 विद्यार्थियों ने। विद्यार्थियों के 3 मिनट के आइडिया ने उनकी जिंदगी को बदल कर रख दिया है। इसी आइडिया ने विद्यार्थियों को नेशनल लेवल तक पहुंचा दिया है।
जिला के 12वीं कक्षा के परमिंद्र और अमरिंद्र सिंह का मॉडल जवाहर लाल नेहरू प्रदर्शनी के लिए चयनित हुआ है। इस प्रदर्शनी में देशभर के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। दोनों विद्यार्थियों ने 3-डी मॉडल बनाए हैं। ये प्रदर्शनी गुवाहाटी में 22 से 27 नवंबर तक आयोजित होगी। जिसमें देशभर से विद्यार्थी अपने मॉडल लेकर पहुंचेंगे।
अब दिव्यांग बिना किसी की सहायता से सीढ़ियों पर चढ़ पाएंगे
12वीं कक्षा के अमरिंद्र सिंह ने साइंस का एक मॉडल बनाया है। इस मॉडल को उसने साधारण सी कुर्सी पर तैयार किया है। इसी कुर्सी को विद्यार्थी ने मॉडिफाई किया है। जिसमें एक प्रकार का बटन लगाया गया है। जिसकी सहायता से दिव्यांग की कुुर्सी बिना किसी अन्य की सहायता से साधारण सीढ़ियों पर चढ़ जाएगी। इस मॉडल का बनाने में अमरिंद्र सिंह को 6 महीने का समय लगा है। अमरिंद्र का मॉडल राज्य स्तर पर विजेता रह चुका है। वहीं परमिंद्र के गाइड आरोही स्कूल, झिड़ी के अध्यापक कमल किशोर हैं।
गणित के सवाल मिनटों में होंगे हल
12वीं के परमिंद्र सिंह ने मैथ्स का 3-डी लिपिस मॉडल बनाया है। जिसकी सहायता से गणित के मुश्किल से मुश्किल विषयों केे हल किया जा सकेगा। ये एक तरह का थ्योरी मैथ्स का प्रैक्टिल वर्जन है। जिसमें सभी टॉपिक्स को प्रैक्टिल रूप से हल किया जा सकेगा। अक्सर होता है कि गणित के कंफ्यूजन को हल करना बहुत मुश्किल लगता है। जिसकी वजह से अक्सर विद्यार्थी गणित से दूर भागते हैं। लेकिन अब इस मॉडल की सहायता से गणित के बड़े-बड़े विषयों को आसानी से हल किया जा सकेगा। बता दें कि परमिंद्र के मॉडल जिला स्तर और राज्य लेवल पर भी चुने जा चुके हैं। अब राष्ट्रीय लेवल के लिए मॉडल को चुना गया है। परमिंद्र सिंह को गाइड राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पतली डाबर में शिक्षिका विमी गोयल हैं।
जिले के 2 विद्यार्थियों के मॉडल नेशनल लेवल पर चिह्नित किए गए हैं। ये मॉडल जवाहर लाल नेहरू प्रदर्शनी में प्रदर्शित किए जाएंगे। जिसमें देशभर से विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। ये प्रदर्शनी 22 से 27 नवंबर तक गुवाहाटी में लगाई जाएगी।
- मुकेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सिरसा।
विद्यार्थी परमिंद्र सिंह व उनकी गाइड विम्मी गोयल मॉडल दिखाते हुए।- फोटो : Sirsa