नागरिक अस्पताल में एकत्र हुए मृतक के परिजन मामले की जानकारी देते। संवाद
- फोटो : Sirsa
सिरसा। कालांवाली में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के परिजनों ने उसकी सास व पति पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। इस मामले की शिकायत पुलिस को दी है। परिजनों का आरोप है कि लड़का न होने पर ससुराल पक्ष के दोनों सदस्य उनकी बेटी के साथ मारपीट करते थे। दोनों ने मिलकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर सास व उसके पति पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कालांवाली पुलिस को दी शिकायत में मानसा के बैनीवाल निवासी जगराज सिंह ने बताया कि उसके दो लड़के व एक लड़की थी। लड़की लवप्रीत कौर की शादी कालांवाली निवासी मनप्रीत के साथ वर्ष 2014 में हुई थी। शादी के बाद लवप्रीत को दो बेटियां हुईं। ऐसे में उसका पति मनप्रीत व उसकी सास लड़का न होने पर उससे लड़ाई और मारपीट करते थे। बुधवार दोपहर में लवप्रीत ने अपनी मां को फोन किया और कहा कि उसकी सास व उसका पति लड़के के लिए उससे मारपीट कर रहे हैं। वह बच्चों को छोड़कर घर बैनीवाल आ रही हूं। इसके कुछ समय बाद उनके पास लवप्रीत के पति मनप्रीत का फोन आया और उसने कहा कि आपकी बेटी ने फंदा लगा लिया है। इसके कारण उसकी मौत हो गई है।
उसने बताया कि वह परिवार के सदस्यों और गांव के लोगों को अपने साथ लेकर गांव कालांवाली में पहुंचे, तो उसकी बेटी की लाश घर के आंगन में रखी हुई थी। उन्होंने जब मामले की जानकारी उसके ससुराल पक्ष से ली तो वह कुछ नहीं बता पाए। उन्होंने आरोप लगाए कि लवप्रीत कौर की उसकी सास व उसके पति ने मिलकर हत्या की है। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी।
परिजन बोले: पहले भी कई बार हो चुका है लड़ाई झगड़ा, अपराधी किस्म का है पति
लवप्रीत के भाई गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उसकी बहन के साथ पहले भी सास और उसके पति मारपीट करते थे। इसके बाद वह समझाकर भेज देते थे। उसका पति मनप्रीत अपराधी किस्म का व्यक्ति है और उस पर कई मामले भी दर्ज हैं व जेल भी काट चुका है। ससुराल पक्ष के लोग रात को ही उन पर दबाव बनाकर उसकी बहन का अंतिम संस्कार करवाना चाहते थे । उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को देकर शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।