संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गोशाला मोहल्ले में कांग्रेस और हलोपा प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मतदान को लेकर शनिवार शाम हुए विवाद के बाद दोनों प्रत्याशियों के घरों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हलोपा कार्यालय के अंदर और बाहर भी पुलिस तैनात किया गया है। पुलिस ने माहौल तनावपूर्ण देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है।
शनिवार को शाम को थेहड़ और गोशाला मोहल्ले के बूथों पर 6 बजे के बाद मतदान को लेकर हलोपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान हलोपा से गोबिंद कांडा तो कांग्रेस से प्रत्याशी गोकुल सेतिया मौके पर पहुंच गए। दोनों का आमना-सामना हुआ और बहसबाजी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक एक दूसरे से उलझ गए। ऐसे में पुलिस को मजबूरन हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों प्रत्याशियों के आवास और कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी। इसके अलावा पूरे क्षेत्र को संवेदनशील घोषित करते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी।
पुलिस की तैनाती के बाद माहौल शांतिप्रिय बना हुआ है। एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि प्रत्याशियों के आवास और कार्यालय के अलावा पूरे क्षेत्र में पुलिस सुरक्षा बढ़ाई गई है। जिससे किसी प्रकार का कोई विवाद न हो। पुलिस नजर बनाए हुई है। अभी तक मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
बूथों पर हो रहा था गलत काम
गोकुल सेतिया ने विवाद होने के बाद रात को लाइव आकर कहा कि दो बूथों पर गलत काम हो रहा था। इस लिए मजबूरन यह कदम उठा पड़ा। इस कारण शहर के लोगों को कोई परेशानी हुई तो माफी चाहूंगा। गलत होने नहीं दूंगा और मेरे साथियों को किसने कुछ किया तो देख लेंगे। इस पूरे मामले में हलोपा प्रत्याशी गोपाल कांडा की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है।
कांग्रेस प्रत्याशी सेतिया के आवास के बाहर तैनात पुलिस। संवाद