संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हिसार रोड और डबवाली रोड पर बारिश के पानी की निकासी को लेकर चल रहे प्रोजेक्टों का काम अधूरा पड़ा है। सोमवार को नगर आयुक्त डॉ. किरण सिंह ने इनकी स्थिति जानीं। इस दौरान नगर आयुक्त ठेकेदारों पर भड़क उठीं और ठेकेदार के सहायक को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पूरी पेमेंट रोक लो।
उन्होंने कहा कि अगर मानसून के सीजन में ही प्रोजेक्ट किसी काम नहीं आए तो इसके पश्चात उनका क्या फायदा। नगर आयुक्त ने ठेकेदारों को मंगलवार शाम चार बजे तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
दो दिन पहले 95 एमएम बारिश होने के बाद शहर में जलभराव की स्थिति बन गई। सरकारी कार्यालयों, दुकानों और घरों में जलभराव होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश के पानी की निकासी के लिए सरकार की ओर से अमृत योजना के तहत हिसार रोड पर पाइप लाइन डालने का काम, तो नगर परिषद की ओर से डबवाली रोड पर पाइप लाइन डलवाने का काम डेढ़ वर्ष से करवाया जा रहा है। इस पर करीब 46 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। प्रोजेक्टों को जल्द पूरा करने को लेकर अधिकारियों ने कई बार ठेकेदारों को नोटिस भी दिए, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं किया गया है।
हिसार रोड पर पाइप लाइन का काम पूरा होने को है। यहां पर मोटरें भी लगा दी गई हैं। यहां कनेक्शन करने बाकी हैं। दूसरी तरफ डबवाली रोड पर भी पाइप लाइन का काम पूरा हो चुका है। अब पंपिंग स्टेशन पर मोटर लगाने का काम किया जा रहा है। काम अधूरा होने के कारण शहरवासियाें को दोनों प्रोजेक्टों का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ताला लगाकर किसी ओर से करवा लेंगे काम, एक वर्ष और परेशान होना पड़ा तो क्या है?
डबवाली रोड पर प्रोजेक्ट की स्थिति जांचने के लिए पहुंचीं नगर आयुक्त डॉ. किरण सिंह को ठेकेदार के सहायक ने स्थिति की जानकारी दी और मोटर के कनेक्शन का कार्य चलने की बात कही। नगर आयुक्त ने कहा कि दो दिनों से एक कनेक्शन तक नहीं जोड़ पाए। अगर अब बारिश आ जाए तो कहां से पानी की निकासी करवाओगे। इसमें पानी भर गया तो किस तरह से काम हो पाएगा। नगर आयुक्त ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि मंगलवार शाम चार बजे तक कार्य पूरा नहीं किया तो कार्य बंद करवा दिया जाएगा। हम किसी ओर जगह पर काम करवा लेंगे। एक वर्ष और परेशान होना पड़ा तो क्या है?
नगर परिषद अधिकारियों ने भी ठेकेदार को दी सख्त चेतावनी
नगर परिषद एक्सईएन प्रवीन दलाल ने भी ठेकेदार को जल्द से जल्द काम पूरा करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर बाहर से ही किसी कर्मचारी को बुलाना था तो एक दिन पहले ही बुला लेते और अब तक यह चालू स्थिति में हो जाता।
वर्जन
बारिश के पानी की निकासी के लिए हिसार रोड और डबवाली रोड पर चल रहे प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया गया है। दोनों प्रोजेक्ट अभी अधूरे हैं। मंगलवार शाम चार बजे तक का ठेकेदारों को समय दिया गया है। अगर इसके बाद कार्य शुरू नहीं हुआ तो इसी रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी। मुख्यालय की ओर से ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. किरण सिंह, नगर आयुक्त, सिरसा ।