डबवाली में स्थित मन्नापुरम गोल्ड फाइनेंस कंपनी के लॉकर से लाखों रुपये का सोना चोरी किए जाने का आरोप है। पुलिस ने एरिया मैनेजर की शिकायत पर कंपनी के ही तीन कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिन लोगों पर केस दर्ज किया गया है उनमें ब्रांच हैड जसपाल, असिस्टेंट ब्रांच हैड संदीप शर्मा व जूनियर असिस्टेंट जसपाल निवासी सुखेरा वाला शामिल हैं। कंपनी के एरिया मैनेजर परसराम ने बताया कि मंडी डबवाली स्थित ब्रांच में उपरोक्त तीनों ही कर्मचारी गोल्ड व कैश के सेफरूम की चाबियां रखते हैं और लेनदेन व गोल्ड लोन का कार्य करते हैं। उसने बताया कि ब्रांच में 25 मार्च 2021 को ऑडिटर द्वारा चेकिंग के दौरान पूरे पैकेट पाये गये थे। लेकिन 7 अप्रैल 2021 ऑडिट चेकिंग में 4 पैकेट सोना वजन 481.3 ग्राम गायब मिले। ये चारों पैकेट 25 मार्च 2021 से 7 अप्रैल 2021 के बीच गायब हुए हैं। एरिया मैनेजर ने बताया कि उपरोक्त तीनों कर्मचारियों ने मिलकर योजना अनुसार 4 पैकेट, सोना जिसका वजन 481.3 ग्राम, जिसकी कीमत 2532934 रुपये बनती है का गबन किया है। शहर थाना डबवाली पुलिस ने एरिया मैनेजर की शिकायत के आधार पर तीनों कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।