संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जेजे कॉलोनी स्थित सिंह सभा गुरुद्वारा में गुटका साहिब को गली में फेंकने मामले में पुलिस ने आरोपी मनमीत को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। इस पर सिख समुदाय के सदस्यों ने एतराज जताया है और रिमांड हासिल किए जाने की मांग की है।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचे श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार सभा हरियाणा के मुख्य सेवादार सुखविंदर सिंह खालसा ने कहा कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल करना चाहिए था, लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साजिश के मुख्य सूत्रधारों का पता लगाए, नहीं तो सिख समुदाय प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेगा। बता दें कि रविवार को सुबह साढ़े चार बजे जेजे कॉलोनी निवासी मनमीत ने गुरुद्वारा में पालकी के पास पड़े गुटका साहिब, पिढ़ा को उठाकर गली में फेंक दिया, जबकि रखे रुमाले व अन्य धार्मिक सामान को भी बिखेर दिया था।
गुरुद्वारा में गुटका साहिब को गली में फेंकने के मामले में आरोपी को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। - राजबाला, प्रभारी, जेजे कॉलोनी चौकी ।