ओढां। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 पर गांव ओढां में शनिवार मध्यरात्रि सड़क दुर्घटना में ऑटो चालक की मौत हो गई। सूचना के बाद ओढां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मिली जानकारी के मुताबिक मूल रूप से यूपी के गोंडा जिले के बिरमापुर निवासी 39 वर्षीय पंकज तिवारी अपने परिवार के साथ बठिंडा में रहकर ऑटो चलाता था।
शनिवार रात्रि वह ऑटो में सब्जी लादकर सिरसा छोड़ने गया था। वापस आते समय ओढां में रामदेव मंदिर के निकट ऑटो हाईवे पर बने ब्रेकर पर से उछल कर डिवाइडर से जा टकराया। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए पंकज को ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे 3 बच्चे छोड़ गया। बताया जा रहा है कि पंकज ने करीब 4 माह पूर्व ही किराये पर चलाने के लिए नया ऑटो खरीदा था। एएसआई सुभाष चंद्र ने बताया की पुलिस ने मृतक के साले रमाकांत के बयान पर इत्तफाकिया घटना की कार्रवाई दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया है।