संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में छात्राओं के शौचालय में पुरुषों के प्रवेश पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने नाराजगी जताई। संगठन ने सोमवार को प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी ने आरोप लगाया कि ब्लॉक इलेक्शन कमेटी की बैठक के दौरान पुरुषों ने छात्राओं के लिए निर्धारित शौचालय का उपयोग किया। नगर मंत्री मोहित बिश्नोई, नगर सह मंत्री खुशप्रीत और महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया। इसमें पुरुषों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाने, सूचना पट्ट लगाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि घटना दोबारा होने पर कॉलेज परिसर में घेराव और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।