चोपटा। गांव चाहरवाला में हुए सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, वहीं एक युवक घायल हो गया। सूचना मिलने पर कागदाना चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
जानकारी देते हुए कागदाना चौकी में तैनात एसआई हंसराज सिंह ने बताया कि चाहरवाला निवासी सचिन कुमार (20) पुत्र रमेश कुमार अपने मौसी के लड़के अमित पुत्र श्रीराम निवासी रामगढ़ राजस्थान के साथ बाइक पर सवार होकर खेत से सरसों निकाल कर घर आ रहा था। अचानक शक्कर मंदोरी रोड पर नीलगाय से टकराने पर असंतुलित होकर मोटरसाइकिल ऊंट गाड़ी से टकरा गई। इस हादसे में सचिन कुमार की मौत हो गई। वही अमित घायल हो गया। घायल को सिरसा सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां से उसको निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। मृतक सचिन के ताऊ सुभाष पुत्र निहाल सिंह के बयानों पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।