सिरसा। राजकीय नेशनल महाविद्यालय में इंटर कॉलेजिएट वाॅलीबाल टूर्नामेंट की शुरूआत वीरवार से हो गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह साढ़े 10 बजे किया गया। जिसमें प्रदेशभर से 18 महिला व पुरुष खिलाड़ियों की टीमों ने हिस्सा लिया। पहले दिन 8 टीमें सेमीफाइनल में पहुंची।
राजकीय नेशनल महाविद्यालय में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता में पहले दिन प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिसमें गुरु द्रोणाचार्य कॉलेज गुरुग्राम, जनता कॉलेज कैथल, आर्य कॉलेज पानीपत तथा सिरसा जिला की विभिन्न कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया। पहले दिन मैचों में गुरु द्रोणाचार्य कॉलेज गुरुग्राम और जेसीडी कॉलेज के लड़कों के बीच मैच हुआ। जिसमें जेसीडी कॉलेज ने 2-0 से जीत हासिल की।
वहीं आरएम पीजी कॉलेज जमाल की लड़कियों की टीम ने एफसी कॉलेज हिसार की लड़कियों की टीम को 2-0 से हराया। प्राचार्य डॉ. संदीप गोयल ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके शानदार भविष्य की कामना की। इस मौके पर डॉ. बलदेव सिंह, हरजिंद्र सिंह, राम कुमार, लेफ्टिनेंट शेर सिंह, डॉ. अशोक कुमार, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
खेल को सिर्फ खेल भावन से खेलें : डॉ. दलेल
1984 के हरियाणा सरकार के भीम अवाॅर्ड से तथा 1990 के भारत सरकार के अर्जुन अवाॅर्ड से सम्मानित डॉ. दलेल सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। डॉ. सिंह ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने व डोपिंग से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेलों में छात्रों का भविष्य उज्ज्वल है। खेलों में सम्मान भी बहुत अधिक मिलता है। दलेल ने राजकीय नेशनल महाविद्यालय के शानदार प्रबंधन की सराहना की।
पुरुष में ये टीमें पहुंची सेमीफाइनल में
- शाह सतनाम बॉयज कॉलेज सिरसा
- जनता कॉलेज कैथल
- राजकीय नेशनल कॉलेज सिरसा
- जेसीडी विद्यापीठ कॉलेज सिरसा
महिला में ये टीमें पहुंचीं सेमीफाइनल में
- आर्य गर्ल्स कॉलेज पानीपत
- राजकीय नेशनल कॉलेज सिरसा
- एमकेजेकेएम, रोहतक
- केवीए डीएवी कॉलेज, करनाल
राजकीय नेशनल कॉलेज में इंटर कॉलेजिएट वाॅलीबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले दिन 18 टीमों ने हिस्सा लिया। जिसमें से 10 टीमें महिला खिलाड़ियों की और 8 टीमें पुरुष खिलाड़ियों की हैं। इन टीमों से 8 सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं।
-डॉ. बलदेव सिंह, सचिव आयोजक व एसोसिएट प्रोफेसर शारीरिक शिक्षा विभाग, जीएनसी।