सिरसा। जिले के पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एक अप्रैल से सीबीएसई की मान्यता वाले हो जाएंगे। अभी तक ये स्कूल हरियाणा बोर्ड की मान्यता व नियमों के अनुसार ही चल रहे हैं। नए शिक्षा सत्र में इन स्कूलों में पढ़ने वाले पहली से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई सीबीएसई के नियमों के तहत होगी। विद्यार्थियों को हिंदी के साथ-साथ अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई का भी विकल्प मिलेगा।
बता दें कि मई 2023 में सरकार की ओर से जिले के 7 स्कूलों को पीएमश्री स्कूलों का दर्जा मिला था। तब से इन स्कूलों के प्रिंसिपल और विभाग के अधिकारी सीबीएसई की मान्यता लेने के लिए प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। अब उनकी प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही सीबीएसई का दर्जा मिल चुका है। अब नए सत्र से नए नियमों के तहत इन स्कूलों में पढ़ाई करवाई जाएगी। वैसे शिक्षा विभाग की ओर से जिले के 7 और स्कूलों को पीएमश्री का दर्जा दिलाने के लिए कवायद जारी है।
हर प्रकार की जानकारी वेबसाइट पर मिलेगी
शिक्षा का स्तर सुधारने के साथ ही प्रदेश के पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को डिजिटल भी किया जा रहा है। अब विद्यार्थियों और अभिभावकों को स्कूल के कार्यक्रमों, आयोजनों और विद्यार्थियों से संबंधित हर जानकारी उन्हें वेबसाइट पर मिलेगी। प्रदेश सरकार की ओर से सभी पीएमश्री स्कूलों की वेबसाइट भी बनवाई जा रही है। इसके लिए प्रत्येक स्कूल को विशेष तौर पर 20 हजार रुपये की राशि आवंटित की गई है। ताकि वेबसाइट बनवाने के बाद इसका संचालन किया जा सके।
प्राध्यापकों को दिया गया है आईआईटी दिल्ली में प्रशिक्षण
बता दें कि प्रदेश के पीएमश्री स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रणाली के माध्यम से पढ़ने का मौका मिले। इसके लिए शिक्षा निदेशालय की ओर से इन स्कूलों के शिक्षकों को पिछले दिनों विशेष प्रशिक्षण देकर रचनात्मक तरीके से पढ़ाने के लिए तैयार किया जा चुका है। प्रदेशभर के 124 पीएमश्री स्कूलों में पढ़ाने वाले 132 वरिष्ठ प्राध्यापकों को आईआईटी दिल्ली में प्रशिक्षण दिया गया। शिक्षकों को सीबीएसई की शिक्षण पद्धति के बारे में जानकारी दी गई। इसमें उन्हें विद्यार्थियों को इनोवेटिव और रचानात्मक तरीके से शिक्षा कैसे प्रदान की जाए, इसके गुर भी सिखाए गए। अब नए शिक्षक भी मिलने की उम्मीद है।
जिले में 7 पीएमश्री स्कूल बनाए गए हैं। वहीं 7 अन्य स्कूलों को पीएमश्री बनाए जाने की कवायद जारी है। फिलहाल जिले के इन 7 पीएमश्री स्कूलों को 1 अप्रैल से सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हो जाएगी।
-विनोद कुमार, एपीसी, समग्र शिक्षा अभियान सिरसा।