कोविड से गर्भवती महिलाएं भी संक्रमित हो रही है परंतु कुछ महिलाएं ऐसी हिम्मत वाली भी है जिन्होंने गर्भावस्था में कोविड संक्रमित होने के बावजूद भी स्वस्थ्य बच्चे को जन्म दिया और कोविड को हराया। अब दोनों जच्चा और बच्चा सुरक्षित है। ऐसी महिलाओं में से एक है गांव संतावाली की सिमरन। लॉक डाउन में सिमरन को शहर के एक निजी अस्पताल में 27 अप्रैल को भर्ती करवाया गया। उस समय उसे बुखार था। हालांकि वह घर पर ही रहती थी। निजी अस्पताल में चिकित्सक के कहने पर परिजनों ने उसका कोविड टेस्ट करवाया। सिमरन की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई। चिकित्सक ने कोविड से ठीक होने के बाद ही डिलिवरी करवाने की बात कही लेकिन इसी बीच उसे लेबर पेन शुरू हो गई। चिकित्सक ने इस अवस्था में सीजेरियन ऑपरेशन को थोड़ा खतरनाक बताया। परंतु सिमरन ने हिम्मत नहीं हारी और सकारात्मक सोच रखते हुए अपने पति गुलाब सिंह से कहा कि वह बच्चे को जन्म देगी। उसने मन में धार लिया कि वह कोविड संक्रमित नहीं है। पति गुलाब सिंह ने बताया कि सिमरन के मन में कोविड को लेकर जरा सा भी तनाव नहीं था। तीन मई को सिमरन ने सीजेरियन ऑपरेशन से बेटे को जन्म दिया। हालांकि सिमरन ने बच्चे के जन्म से पहले ही पति को कहा दिया था कि बच्चे को उसके पास न रखा जाए इसलिए उसे नर्सरी में रखा गया। बच्चे को जन्म देने के बाद सिमरन ने फैसला कर लिया था कि जब तक वह पूरी तरह से स्वस्थ नहीं होगी वह बच्चे को देखने की जिद नहीं करेगी। हालांकि वह अपने पति से हर दिन बच्चे का हाल चाल पूछती। सिमरन 6 दिन बाद ठीक होकर अपने बेटे का चेहरा देखा।